Delhi Police Busts Drug Trafficking Network: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने पश्चिमी दिल्ली में सक्रिय एक संगठित ड्रग्स रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए दो नाइजीरियाई नागरिकों समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 90 ग्राम एमडीएमए (सिंथेटिक ड्रग) बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग एक करोड़ रुपये आंकी गई है। इसके अलावा 37,500 रुपये नकद, तीन इलेक्ट्रॉनिक कांटे, 112 पैकिंग पाउच और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त की गई है।
गुप्त सूचना और नेटवर्क का खुलासा
पुलिस के अनुसार, एएनटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि तिलक नगर और आसपास के इलाकों में बड़े स्तर पर ड्रग्स की सप्लाई की जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने इलाके में निगरानी बढ़ाई और 6 अप्रैल को छापेमारी कर दो आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ, जिसके बाद अन्य दो आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों की पहचान गुरमीत सिंह (मास्टरमाइंड), मुकेश उर्फ विक्की और दो नाइजीरियाई नागरिक मैनकाबो डेविड व इमेका इमैनुएल उर्फ पीटर के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि नाइजीरियाई नागरिक इस नेटवर्क में सप्लायर की भूमिका निभा रहे थे, जबकि गुरमीत और मुकेश स्थानीय स्तर पर वितरण का काम संभालते थे।
काम करने का तरीका और मुनाफा
पुलिस ने खुलासा किया कि आरोपी बेहद शातिर तरीके से काम करते थे। वे पासवर्ड सिस्टम और सीसीटीवी कैमरों का इस्तेमाल कर पुलिस की नजर से बचने की कोशिश करते थे। साथ ही, गुरमीत और मुकेश ने तिलक नगर स्थित एक किराए के मकान में कथित तौर पर एस्कॉर्ट सर्विस चला रखी थी, जिसकी आड़ में ड्रग्स का कारोबार किया जा रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ड्रग्स को 1200 से 1600 रुपये प्रति ग्राम के हिसाब से खरीदते थे और करीब 2500 रुपये प्रति ग्राम में बेचकर मोटा मुनाफा कमा रहे थे।


Download Android App
Download iOS App




