DU PG दाखिले में रिकॉर्ड आवेदन, 2.73 लाख से अधिक छात्रों ने कराया पंजीकरण

Delhi : DU PG दाखिले में रिकॉर्ड आवेदन, 2.73 लाख से अधिक छात्रों ने कराया पंजीकरण

Delhi : दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) में स्नातक (UG) दाखिले को लेकर इस वर्ष छात्रों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। विश्वविद्यालय के कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (सीएसएएस-यूजी 2026) के तहत अब तक 2,73,751 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है। इनमें 2,18,284 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण प्रक्रिया पूरी कर ली है, जबकि 2,06,835 छात्रों ने कॉलेज और पाठ्यक्रम की अपनी प्राथमिकताएं भी जमा कर दी हैं।

विश्वविद्यालय के अनुसार, 2022 में CUET आधारित प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने के बाद यह सबसे अधिक पंजीकरण है। विश्वविद्यालय ने रविवार को अभ्यर्थियों की सिम्युलेटेड रैंक जारी कर दी। यह अंतिम सीट आवंटन नहीं है, बल्कि इससे छात्रों को यह समझने में मदद मिलेगी कि उनकी मौजूदा प्राथमिकताओं के आधार पर किस कॉलेज और पाठ्यक्रम में दाखिले की संभावना है।

आज शाम 5 बजे तक कर सकेंगे संशोधन

विश्वविद्यालय के डीन ने कहा कि यदि कोई छात्र कॉलेज या पाठ्यक्रम की अपनी प्राथमिकताओं में बदलाव करना चाहता है, तो उसके लिए आज शाम 5 बजे तक का समय है। इसके बाद संशोधन की सुविधा बंद हो जाएगी और सभी विकल्प स्वतः लॉक हो जाएंगे। विश्वविद्यालय के अनुसार, पहली कॉमन सीट एलोकेशन सूची 17 जुलाई को जारी होगी।

आवंटित सीट को छात्र 18 जुलाई तक स्वीकार कर सकेंगे। इसके बाद कॉलेज ऑनलाइन दस्तावेजों का सत्यापन करेंगे और छात्र 21 जुलाई तक शुल्क जमा कर सकेंगे। दूसरे चरण की सीट आवंटन सूची 25 जुलाई को जारी होगी। इस वर्ष डीयू के 69 कॉलेजों और विभागों में संचालित 73 स्नातक पाठ्यक्रमों की 71,624 सीटों पर दाखिला होगा। छात्रों के लिए BA के लगभग 150 विषय संयोजन उपलब्ध कराए गए हैं।

बी.कॉम (ऑनर्स) रहा पहली पसंद

इस बार भी बी.कॉम (ऑनर्स) छात्रों का सबसे पसंदीदा पाठ्यक्रम रहा। इसके बाद बी.कॉम, बीए (ऑनर्स) अंग्रेजी, बीए (ऑनर्स) राजनीति विज्ञान, बीए प्रोग्राम (इतिहास + राजनीति विज्ञान), बीए (ऑनर्स) इतिहास, बीएससी (ऑनर्स) जूलॉजी, बीएससी (ऑनर्स) गणित, बीएससी लाइफ साइंस और बीए (ऑनर्स) अर्थशास्त्र प्रमुख पसंदीदा पाठ्यक्रमों में शामिल रहे।

DU प्रशासन के अनुसार, इस बार भी दाखिला प्रक्रिया में छात्राओं की भागीदारी छात्रों से अधिक रही। प्राथमिकताएं दर्ज करने वालों में 1,20,509 छात्राएं और 97,775 छात्र शामिल हैं। विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि सिम्युलेटेड रैंक देखने के बाद वे अपनी प्राथमिकताओं की दोबारा समीक्षा कर आवश्यक बदलाव कर लें, ताकि अंतिम सीट आवंटन के समय उन्हें अपनी योग्यता और पसंद के अनुरूप बेहतर विकल्प मिल सके।

विश्वविद्यालय के अनुसार, इस व्यवस्था का उद्देश्य अंतिम आवंटन से पहले छात्रों को पारदर्शी तरीके से अपनी प्राथमिकताओं में संशोधन का अवसर देना है।

प्रथम वरीयता में सबसे पसंदीदा रहे ये पांच कॉलेज

विश्वविद्यालय के आधिकारिक प्रवेश आंकड़ों के अनुसार, प्रथम वरीयता के आधार पर राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स, हिंदू कॉलेज, हंसराज कॉलेज, सेंट स्टीफंस कॉलेज और मिरांडा हाउस छात्रों की सबसे पसंदीदा पसंद रहे।

यह भी पढ़ें : गृह मंत्री अमित शाह ने किया ‘जयप्रकाश नारायण लाइब्रेरी’ का उद्घाटन; बोले- ‘दिनकर को पढ़े बिना भारत को नहीं समझ सकते’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Are you human? Please solve:Captcha


Make Punjab Kesari Your Trusted News Source

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।