राजधानी दिल्ली के अलीपुर थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। दरअसल, यहां यमुना नदी में नहाने गए 5 में 4 बच्चे तेज बहाव में फंसकर लापता हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। वहीं हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस NDRF, फायर ब्रिगेड और अन्य बचाव एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और बच्चों की तलाश शुरू कर दी। देर रात तक चारों बच्चों का कोई सुराग नहीं लगा।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने बताया कि यह घटना (Yamuna River Tragedy) अलीपुर इलाके में यमुना नदी के ठोकर नंबर-24 के पास हुई। रविवार शाम करीब 7:45 बजे पुलिस को सूचना मिली कि कुछ बच्चे नदी में डूब गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि 5 बच्चे नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान 4 बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए और तेज बहाव के चपेट में आ गए और देखते ही देखते पानी में समा गए।
एक बच्चे ने मचाया शोर

वहीं मिली जानकारी के अनुसार, 5 वां बच्चा नदी के किनारे ही था। उसका नाम लकी है और उसकी उम्र करीब 14 साल है। जैसे ही उसने अपने दोस्तों को पानी में डूबते देखा, उसने जोर-जोर से आवाज लगा के मदद की गुहार लगाई। ऐसे में उसकी आवाज सुनकर पास के खेत में काम कर रहे कुछ लोग दौड़कर नदी किनारे पहुंचे। लोगों ने बच्चों को बचाने की कोशिश भी की, लेकिन तब तक 4 बच्चे नदी की तेज बहाव में बह चुके थे।
पुलिस के अनुसार, चारों लापता बच्चों की पहचान राहुल, अंशु, सौरभ और अमनदीप के रूप में हुई है। चारों इब्राहिमपुर गांव के रहने वाले हैं। हादसे की खबर मिलते ही उनके परिवार के लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए। अपने बच्चों की तलाश में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जारी है सर्च ऑपरेशन

बता दें कि NDRF, DDMA, दिल्ली फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीमों और गोताखोरों की मदद से यमुना नदी में लगातार तलाश अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस और बचाव दल नदी के आसपास के इलाके में हर संभव प्रयास कर रहे हैं ताकि बच्चों का जल्द पता चल सके।अधिकारियों के मुताबिक, नदी का तेज बहाव और गहराई बचाव कार्य में चुनौती बन रही है। इसके बावजूद टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन में जुटी हुई हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस के मुताबिक, सूचना मिलने के बाद जरूरी कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जल्द से जल्द बच्चों का पता लगाया जा सके। अगर शव बरामद होते हैं तो भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के संबंधित प्रावधानों के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में नदी, नहर या नदियों में नहाने से बचें। इस समय पानी का बहाव अचानक तेज हो सकता है, जिससे बड़ा हादसा हो सकता है। खासकर बच्चों को अकेले नदी या अन्य जल स्रोतों के पास नहीं जाने देना चाहिए।
यह भी पढ़ें: AATS Constable Wife Shooting Murder: कांस्टेबल ने बीच सड़क पर टीचर पत्नी को मारी गोली, आरोपी फरार






















