सागर मर्डर केस में एक और गिरफ्तारी हुई है। दिल्ली पुलिस ने चार मई को छत्रसाल स्टेडियम में हुए झगड़े में शामिल रोहित करोर को गिरफ्तार किया है। रोहित सुशील कुमार के बेहद खास लोगों में शामिल है। सागर हत्याकांड में सुशील कुमार समेत अब तक 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच के सूत्रों के अनुसार सागर धनखड़ की हत्या में रोहित की भूमिका सामने आने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया है। सूत्र ने कहा कि पुलिस सुशील कुमार को गुरुवार को हरियाणा और चंडीगढ़ ले गई थी ताकि उन जगहों का पता लगाया जा सके जहां उन्होंने दिल्ली स्टेडियम में विवाद के बाद छिपने के बाद शरण ली थी।
दिल्ली HC ने पहलवान सुशील कुमार के ‘मीडिया ट्रायल’ को रोकने संबंधी याचिका पर सुनवाई से किया इंकार
छत्रसाल स्टेडियम में मामूली झगड़े को लेकर धनखड़ की कथित तौर पर कई लोगों ने पिटाई कर दी थी। बाद में उसकी मौत हो गई थी। सूत्र ने कहा कि सुशील कुमार से उन जगहों के बारे में पूछताछ की गई जहां वह रुके थे और वे सभी लोग कौन थे जिन्होंने उन्हें आश्रय दिलाने में मदद की।
सुशील कुमार ने पूछताछ के दौरान कई नाम साझा किए हैं। ओलंपियन को गुरुवार शाम को हरियाणा और चंडीगढ़ ले जाया गया और शुक्रवार की सुबह पुलिस उन्हें लेकर राष्ट्रीय राजधानी लौट आई।