पटना : राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के आलाकमान एवं पार्टी के बिहार प्रभारी प्रफुल्ल पटेल ने पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व शिक्षा मंत्री नवल किशोर शाही को बिहार प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपी है। नवल किशोर शाही पार्टी के संस्थापक सदस्यों में से एक हैं। उन्होंने शुरू से ही पार्टी के संगठनात्मक मजबूती के लिए काम किया है। उनका कहना है कि एनसीपी महागठबंधन का हिस्सा है।
श्री शाही की पहली प्राथमिकता पार्टी की मजबूती के साथ तेज गति से विस्तार करना है। उन्होंने कहा कि इसके लिए हमलोगों को मिलकर महागठबंधन के रूप में एनडीए के सामने मजबूत चुनौती पेश करनी है। आज की तारीख में किसान, नौजसान, व्यवसायी पूरी तरह से परेशान है। नोटबंदी और जीएसटी ने अर्थव्यवस्था की कमर तोड़ दी है। रुपया डॉलर के मुकाबले लगातार गिर रहा है।
पेट्रोलियम पदार्थ के दाम आसमान छू रहे हैं, सीमा पर घुसपैठ जारी है साथ ही देश में असहिष्णुता का माहौल है। जहां तक बिहार का सवाल है सूबे अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य का हाल बेहाल है, भ्रष्टाचार और अफसरशाही चरम पर है। सूबे में महिलाएं सुरक्षित नहीं है। ऐसे में एनसीपी चुप नहीं बैठने वाली है।