Cyber City Chock: लगातार बारिश से लगा लंबा जाम, Traffic के लिए Route Diversion लागू, Orange Alert जारी

Summary :

गुरुग्राम में लगातार बारिश से सड़कें डूबीं और 'ऑरेंज अलर्ट' के बीच लंबा जाम लग गया। हालात संभालते हुए कई जगह रूट डायवर्जन किया गया। प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर दफ्तरों को वर्क फ्रॉम होम (WFH) की सलाह दी है।

Cyber City Chock

Cyber City Chock : गुरुवार रात खुलते ही सुबह तीन बजे शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने साइबर सिटी की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। यह बारिश आज शुक्रवार को भी लगातार जारी है, जिससे शहर के मेन हाईवे, सेक्टर और आसपास की झुग्गी बस्तियां जलमग्न हो गईं हैं।

एक तरफ लोगों को चलने फिरने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है दूसरी तरफ सड़कों पर दो से तीन फीट तक पानी भरने से ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई है। इसका सबसे बुरा असर तब देखने को मिलता है जब दफ्तर जाने वाले लोग घंटों जाम में फंसे दिखाई देते हैं।

गुरुग्राम में खराब स्थिति, WFH का निर्देश

Cyber City Chock

कई इलाकों में पेड़ गिरने और बिजली के तार टूटने की शिकायतें आईं, जिससे घंटों बिजली गुल रही। लोगों ने प्रशासन और नगर निगम के दावों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि हर साल करोड़ों रुपये खर्च करने के बावजूद ड्रेनेज सिस्टम पूरी तरह नाकाम साबित होता है।

अब इस स्थिति पर प्रशासन भी एक्टिव हो गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) ने कॉर्पोरेट और निजी दफ्तरों के लिए दो दिन (गुरुवार और शुक्रवार) का ‘वर्क फ्रॉम होम’ एडवाइजरी जारी की थी। यानि यह एडवाइजरी आज शुक्रवार तक जारी रहेगी। मौसम विभाग ने शहर के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है।

अचानक बदले निगमायुक्त

जलभराव से पैदा हुए संकट के बीच हरियाणा सरकार ने नगर निगम गुरुग्राम के कमिश्नर प्रदीप दहिया का तबादला कर दिया है। उन्हें रोहतक का नया उपायुक्त बनाया गया है, हालांकि गुरुग्राम में फिलहाल किसी नए अधिकारी की तैनात नहीं की गई है।

इस प्रशासनिक फेरबदल के अलावा, बारिश के कारण गुरुवार को होने वाली नगर निगम की जनरल हाउस की बैठक को भी अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया।

सड़कों पर समंदर जैसी स्थिति, बिजली-पानी की किल्लत

Cyber City Chock

हालांकि यह स्थिति हर साल की है। इस बार भी तेज बारिश के कारण कई जगह पेड़ गिरने और बिजली के तार टूटने की भी सूचना मिली है। मौके पर बिजली विभाग की टीमों को फाल्ट ठीक करने में मशक्कत करनी पड़ी।

ट्रैफिक पुलिस ने जगह-जगह बैरिकेड लगाकर डायवर्जन किया, लेकिन घंटों तक शहर के मुख्य मार्गों पर लंबा जाम लगा रहा। कई जगहों पर गिरे पेड़ों को ट्रैफिक पुलिस ने हटाकर दोबारा यातायात सुचारु कराया। दूसरी ओर नगर निगम के अधिकारियों का दावा है कि सभी पंपिंग स्टेशन चालू कर दिए गए हैं और निचले इलाकों से पानी निकालने के लिए अतिरिक्त टीम तैनात की गई है। लेकिन जमीन पर हालात कुछ और ही बयां कर रहे थे।

कौन से इलाके ठप

Cyber City Chock

 

सुबह सात बजे तक हुई तेज बारिश और दोपहर 12 बजे तक चली झमाझम बारिश से दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन, इफको चौक, हीरो होंडा चौक, ओल्ड दिल्ली रोड और रेलवे रोड पानी में डूब गए। सेक्टर 15, 31, 40, 14, न्यू कॉलोनी, बसई और बसई रोड की दुकानों व घरों में पानी घुस गया। साउथ सिटी-1 की स्मार्ट रोड पर भी एक फीट पानी भर गया।

वहीं बारिश के चलते सेक्टर-5, सेक्टर-10, शीतला माता रोड, दिल्ली रोड, कृष्णा कॉलोनी, न्यू कॉलोनी, डीएलएफ क्षेत्र, सेक्टर-31, सेक्टर-51 सहित कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया है और ट्रैफिक जाम लग रहा है।

स्कूलों में ऑनलाइन क्लास, एडवाइजरी जारी

सड़कों पर जलभराव को देखते हुए कई निजी और सरकारी स्कूलों ने एहतियातन ऑनलाइन पढ़ाई कराने का फैसला किया। पुलिस और प्रशासन ने लोगों से बेवजह घर से बाहर न निकलने की अपील की है।

एसीपी ट्रैफिक सतपाल यादव ने बताया कि कांवड़ यात्रा के डायवर्जन और बारिश के कारण सड़कों पर दबाव बढ़ा है, इसलिए लोग ज्यादा से ज्यादा पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें।

यह भी पढ़ें – टीचर बेटियों ने VIDEO कॉल पर देखा पिता का अंतिम संस्कार! रूला देगी सोनीपत के शिवचरण दास की कहानी

Rohit Singh

रोहित सिंह पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, समाज, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और शैक्षणिक लेख लिखने में दिलचस्पी रखते हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से पोलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन और जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं।