बलिया, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। भोजपुरी एक्टर और भाजपा सांसद रवि किशन ने संसद में महिला आरक्षण बिल के गिरने पर विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि परिवारवाद वालों ने महिलाओं के आरक्षण का विरोध किया। वह नहीं चाहते हैं कि महिलाओं की राजनीति में भागीदारी बढ़े।
बलिया में भाजपा सांसद रवि किशन ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि विपक्ष की महिला विरोधी मानसिकता के कारण ही इस विधेयक का विरोध किया जा रहा है।
रवि किशन ने कहा कि यह बहुत सीधा-सादा मामला है। बिल का विरोध उन लोगों ने किया जो परिवारवाद की राजनीति का समर्थन करते हैं। वे लोग जिन्हें डर है कि अगर महिलाएं आगे आईं तो उनका वर्चस्व खत्म हो जाएगा। यह तथाकथित पुरुष-प्रधान मानसिकता है। प्रधानमंत्री ने इसी सोच को तोड़ने की कोशिश की है।
गोरखपुर से सांसद रवि किशन ने कहा कि मैं पांच बार भी सांसद बन जाऊं, तो लोगों की हर समस्या को सुलझा नहीं सकता। गोरखपुर की आबादी 50 लाख से ज्यादा है। हर गांव, हर घर की समस्या को सुन पाना किसी एक सांसद के लिए संभव नहीं है, इसलिए परिसीमन बेहद जरूरी था।
उन्होंने कहा कि देश में 70 करोड़ पुरुष तो 70 करोड़ महिलाएं हैं। महिला आरक्षण बिल महिलाओं को आगे लाने का काम करता, लेकिन विरोधी उन्हें आगे बढ़ते नहीं देखना चाहते। विपक्ष की यह महिला-विरोधी मानसिकता है। परिवारवाद वालों ने ही इस विधेयक का विरोध किया है। अब समय आ गया है कि महिलाओं को चूल्हा-चौका तक सीमित न रखा जाए।
दूसरी ओर भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने पीएम मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन का जिक्र करते हुए कहा कि पीएम मोदी ने अपने संबोधन में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर विपक्ष के रवैये पर गहरा दुःख व्यक्त किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि देश की आधी आबादी के सम्मान, अधिकार और सशक्तिकरण से जुड़ा ये बिल पास करने की शक्ति देश और देश की महिलाएं जल्द ही एनडीए को देगी। इसे पारित न होने देना न केवल महिलाओं के अधिकारों की उपेक्षा है, बल्कि उनके सपनों और आकांक्षाओं के साथ भी अन्याय है।
पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की ऐसी लहर है कि मैं इसे अपनी आंखों से देख सकता हूं। जनता टीएमसी को हटाकर भाजपा को सत्ता में लाएगी।
–आईएएनएस
डीकेएम/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)























