नई दिल्ली, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज के खिलाफ मानहानि के मामले में कानूनी नोटिस पर भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि आम आदमी पार्टी का महिला विरोधी चेहरा एक बार फिर सामने आ गया है। जब हम महिलाओं के अधिकारों के लिए विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, तब आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज जी मीम्स बनाने में व्यस्त थे।
बांसुरी स्वराज ने कहा कि उन्होंने एक वीडियो जारी करके केंद्रीय राज्य मंत्री रक्षा खडसे और मेरे बारे में झूठ फैलाने की भी कोशिश की। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की पुरानी शैली रही है कि एक झूठ को वे इतनी बार दोहराने का प्रयास करते हैं कि वह सच लगने लगे, लेकिन दिल्ली के एक कोर्ट ने उनके खिलाफ ऑर्डर दिया है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेताओं से न डरती हूं, न दबने वाली हूं और न झुकने वाली हूं।
बता दें कि दिल्ली की साकेत कोर्ट ने आप नेताओं सौरभ भारद्वाज, अंकुश नारंग और पार्टी को निर्देश दिया है कि वे 18 अप्रैल के विरोध मार्च से जुड़े उन कथित मानहानिकारक वीडियो को हटा दें, जिनमें भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज को निशाना बनाया गया है। कोर्ट ने इन वीडियो को आगे शेयर करने पर भी रोक लगा दी है, और स्वराज को यह अनुमति दी है कि अगर 48 घंटों के भीतर यह कंटेंट नहीं हटाया जाता है तो वे संबंधित प्लेटफॉर्म्स से संपर्क कर सकती हैं।
इससे पहले भाजपा नेता बांसुरी स्वराज ने 21 अप्रैल को आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि ऐसा लगता है कि अरविंद केजरीवाल भूल गए हैं कि इस देश की न्यायिक व्यवस्था उनकी सुविधा के अनुसार काम नहीं करती। यह कानून और भारत के संविधान के तहत काम करती है।
–आईएएनएस
एसडी/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)






















