UAPA केस में सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला: 12 साल से जेल में बंद 2 आरोपियों को मिली जमानत, कोर्ट ने कहा- अनुच्छेद 21 का उल्लंघन

Summary :

यूएपीए मामले में 12 साल से बंद दो आरोपियों को सुप्रीम कोर्ट ने जमानत दे दी। कोर्ट ने कहा कि ट्रायल में देरी के कारण इतने लंबे समय तक जेल में रखना संविधान के अनुच्छेद 21 का उल्लंघन है।

UAPA Supreme Court Bail Verdict

UAPA Supreme Court Bail Verdict : गैर-कानूनी गतिविधि रोकथाम कानून (UAPA) के तहत पिछले करीब 12 वर्षों से जेल में बंद दो आरोपियों, मोहम्मद साकिब अंसारी और वकार अजहर को सुप्रीम कोर्ट से राहत मिल गई है। शीर्ष अदालत ने दोनों को जमानत देते हुए स्पष्ट किया कि इतने लंबे समय तक बिना ट्रायल पूरा हुए हिरासत में रखना संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत मिले व्यक्तिगत स्वतंत्रता के मौलिक अधिकार का गंभीर हनन है।

जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस संदीप मेहता की पीठ ने दिल्ली हाई कोर्ट के उस फैसले को पलट दिया, जिसने ट्रायल कोर्ट द्वारा जमानत याचिका खारिज करने के आदेश को सही ठहराया था।

सुप्रीम कोर्ट-  धीमी गति से चल रहा है ट्रायल

अदालत ने ई-कोर्ट पोर्टल के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि केस की सुनवाई बेहद सुस्त रफ्तार से आगे बढ़ रही है। अभियोजन पक्ष के कुल 197 गवाहों में से अब तक सिर्फ 68 के बयान दर्ज हो सके हैं। जनवरी 2025 से लेकर अब तक महज दो गवाहों से पूछताछ हुई है। कोर्ट ने टिप्पणी की कि 25 आरोपियों वाले इस मामले का मुकदमा निकट भविष्य में खत्म होता नहीं दिखता।

सह-आरोपी को पहले ही मिल चुकी है राहत

अदालत ने ध्यान दिलाया कि दोनों आरोपी 2014 से लगातार कस्टडी में हैं और राजस्थान के दो अन्य मामलों में उन्हें पहले ही जमानत या सजा पर रोक मिल चुकी है। इसके अलावा, मामले के एक अन्य सह-आरोपी मोहम्मद मारूफ को भी पहले जमानत मिल चुकी है। इन सभी तथ्यों को देखते हुए कोर्ट ने दोनों को तुरंत रिहा करने का आदेश दिया।

यह भी पढ़ें – राज्यसभा से संशोधन बिल पास; ‘वंदे मातरम्’ के अपमान पर अब होगी 3 साल की जेल, राष्ट्रगान जैसा मिला दर्जा

Rohit Singh

रोहित सिंह पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, समाज, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और शैक्षणिक लेख लिखने में दिलचस्पी रखते हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से पोलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन और जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं।