नई दिल्ली, 25 जुलाई (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया अखिलेश यादव ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा नेगेटिव पॉलिटिक्स करती है, अब उसका भी अंत होगा।
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के बाद अखिलेश यादव ने युवा छात्रों को शुभकामनाएं दीं।
यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा कि ये मनोबल और एकता की जीत है। हर आंदोलनकारी और उनका किसी भी तरह सहयोग करने वाले हर एक को इस ‘बिग विन’ की अनंत बधाई। युवाओं ने परीक्षा और शिक्षा की लड़ाई जीतकर शुरुआत की है।
अखिलेश यादव ने आगे लिखा कि युवा अब संविधान को हाथ में लेकर ईवीएम और चुनाव सुधार तक भी पहुंचेगी। अब भाजपा चुनावी घपलों और सांसदों-विधायकों की खरीद की जो नेगेटिव पॉलिटिक्स करती है, अब उसका भी अंत होगा। भाजपा के भ्रष्टाचार का पर्दाफाश होगा। सत्ता पोषित मीडिया के ‘दाने-गाने’ के संबंधों का भी अंतकाल होगा। पीड़ित, दुखी, अपमानित पर अब न बुलडोजर चल पाएगा, न किसी निर्दोष का एनकाउंटर होगा। अब किसी दुखी मां का अपमान कोई नहीं कर पाएगा। अब बच्चियों और युवाओं पर कोई हाथ नहीं उठाएगा, अब किसानों, मजदूरों, दुकानदारों, कारोबारियों पर कोई अत्याचार नहीं कर पाएगा। अब भगवान तक को धोखा देने वालों पर कोई रत्ती भर भी ऐतबार नहीं करेगा। साम्प्रदायिक राजनीति का सूरज आज से ढल जाएगा। अब संविधान के दिए हक को कोई नहीं मार पाएगा।
उन्होंने कहा कि जेन-जी की ताकत के सामने सरकार को झुकना पड़ा। जेन-जी की ताकत को देखकर हमेशा कैमरे के सामने बोलने वाले मोबाइल के सामने आना पड़ा। मोबाइल को टेढ़ा करना पड़ा। मोबाइल को टेढ़ा करके अपनी भाषा, व्यवहार बदलना पड़ा, भाषण देना पड़ा। एक ही बार नहीं, दो बार आना पड़ा। नई पीढ़ी के लोग रात में जागते हैं। उन्हें भी रात में आना पड़ा। वैसे तो उनका भाषण शाम आठ बजे होता था, इस बार 12 बजे के बाद आना पड़ा।
अखिलेश यादव ने कहा कि यह नई पीढ़ी की बड़ी जीत है। सरकार को समझना चाहिए। प्राइमरी से लेकर उच्च शिक्षा तक के बारे में गंभीरता से सोचना चाहिए। परीक्षाओं के पेपर लीक न हो, इसके लिए ठोस कदम उठाना चाहिए। इस आंदोलन से सबक सीखना चाहिए कि किसी परीक्षा का पेपर लीक न हो।
–आईएएनएस
डीकेएम/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



