घर खरीदारों से धोखाधड़ी मामला, सीबीआई ने बिल्डर कंपनी के खिलाफ दाखिल की 11वीं चार्जशीट

Summary :

नई दिल्ली, 8 जून (आईएएनएस)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने घर खरीदार धोखाधड़ी मामले में बिल्डर कंपनी और निदेशकों के खिलाफ 11वीं चार्जशीट दायर की है। सीबीआई ने घर खरीदारों के साथ बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी की चल रही जांच में एक और अहम घटनाक्रम के तहत नाइनेक्स डेवलपर्स लिमिटेड और उसके डायरेक्टर के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। यह मामला हरियाणा के गुरुग्राम स्थित एक हाउसिंग प्रोजेक्ट से जुड़ी कथित धोखाधड़ी की गतिविधियों से संबंधित है। सीबीआई की जांच से पता चला है कि आरोपी बिल्डर कंपनी और उसके डायरेक्टर ने आपराधिक साजिश के तहत, कथित तौर पर मासूम…

नई दिल्ली, 8 जून (आईएएनएस)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने घर खरीदार धोखाधड़ी मामले में बिल्डर कंपनी और निदेशकों के खिलाफ 11वीं चार्जशीट दायर की है। सीबीआई ने घर खरीदारों के साथ बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी की चल रही जांच में एक और अहम घटनाक्रम के तहत नाइनेक्स डेवलपर्स लिमिटेड और उसके डायरेक्टर के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है।

यह मामला हरियाणा के गुरुग्राम स्थित एक हाउसिंग प्रोजेक्ट से जुड़ी कथित धोखाधड़ी की गतिविधियों से संबंधित है। सीबीआई की जांच से पता चला है कि आरोपी बिल्डर कंपनी और उसके डायरेक्टर ने आपराधिक साजिश के तहत, कथित तौर पर मासूम घर खरीदारों/निवेशकों को झूठे भरोसे, गुमराह करने वाली बातों और धोखे भरे वादों के जरिए लुभाया। इस तरह उन्होंने बेईमानी से आर्थिक लाभ कमाया और पीड़ितों को गलत तरीके से नुकसान पहुंचाया।

सीबीआई को जांच में ठोस सबूत मिले हैं और आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात से संबंधित धाराओं के तहत सक्षम अदालत में चार्जशीट दाखिल की गई है।

बता दें कि सीबीआई अभी देश भर में विभिन्न बिल्डर कंपनियों और वित्तीय संस्थानों के अज्ञात अधिकारियों के खिलाफ 50 मामलों की जांच कर रही है। ये मामले सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों पर दर्ज किए गए हैं और घर खरीदारों से जुड़ी कथित धोखाधड़ी और फंड के गलत इस्तेमाल से संबंधित हैं।

इससे पहले सीबीआई ने रुद्र बिल्डवेल कंस्ट्रक्शंस प्राइवेट लिमिटेड, ड्रीम प्रोकॉन प्राइवेट लिमिटेड, जयपी इंफ्राटेक लिमिटेड, एवीजे डेवलपर्स (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड, सीएचडी डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड, सीक्वल बिल्डकॉन प्राइवेट लिमिटेड, लॉजिक्स सिटी डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड, मंजू जे होम्स इंडिया लिमिटेड और शुभकामना बिल्डटेक प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की।

इसी के साथ सीबीआई ने उनके डायरेक्टरों के साथ-साथ कुछ बैंकों और वित्तीय संस्थानों के अधिकारियों के खिलाफ भी 10 चार्जशीट दाखिल की थीं, जिन्होंने घर खरीदारों के खिलाफ धोखाधड़ी करने में सहयोगी की भूमिका निभाई है।

–आईएएनएस

डीके/एबीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk