नवादा में यातायात व्यवस्था सुधारने की पहल, बस और तीन पहिया वाहन संचालकों को दिए गए सख्त निर्देश

Summary :

नवादा, 25 जुलाई (आईएएनएस)। जिले में यातायात व्यवस्था को बेहतर, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जिला परिवहन कार्यालय में बस संचालकों, वाहन मालिकों और तीन पहिया वाहन संचालकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश के निर्देश पर आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता जिला परिवहन पदाधिकारी रंजीत कुमार ने की। बैठक में जिले की बस एसोसिएशन के प्रतिनिधियों, बस मालिकों और संचालकों के अलावा टोटो, टेम्पो एवं ई-रिक्शा संचालकों को परिवहन विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने…

नवादा, 25 जुलाई (आईएएनएस)। जिले में यातायात व्यवस्था को बेहतर, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जिला परिवहन कार्यालय में बस संचालकों, वाहन मालिकों और तीन पहिया वाहन संचालकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश के निर्देश पर आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता जिला परिवहन पदाधिकारी रंजीत कुमार ने की।

बैठक में जिले की बस एसोसिएशन के प्रतिनिधियों, बस मालिकों और संचालकों के अलावा टोटो, टेम्पो एवं ई-रिक्शा संचालकों को परिवहन विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए वाहन संचालकों का सहयोग बेहद जरूरी है।

बस संचालकों के साथ हुई बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रत्येक बस में किराया तालिका अनिवार्य रूप से ऐसे स्थान पर लगाई जाए, जहां यात्रियों को वह आसानी से दिखाई दे सके। इसके साथ ही सभी बसों में शिकायत पंजी का संधारण भी सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि यात्रियों की समस्याओं और सुझावों को दर्ज किया जा सके।

उन्होंने बस मालिकों और संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि शहर के अंदर कहीं भी अनधिकृत स्थानों पर बसों का ठहराव नहीं किया जाए। सभी बसों का संचालन निर्धारित बस स्टैंड से ही किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे या अन्य स्थानों पर बस रोकने से यातायात बाधित होता है और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

बैठक के दौरान वाहन चालकों और संचालकों से यातायात नियमों का पालन करने, सुरक्षित वाहन परिचालन सुनिश्चित करने और अनुशासित परिवहन व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि नियमों का पालन करने से दुर्घटनाओं में कमी आएगी और यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी।

इस अवसर पर नगर निकायों, बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) और जिला परिषद के प्रतिनिधियों से भी आवश्यक निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि उनके नियंत्रण वाले बस स्टैंडों पर यात्रियों के लिए स्वच्छ शौचालय, नियमित साफ-सफाई और शुद्ध पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

इसके बाद शहरी क्षेत्रों में संचालित टोटो, टेम्पो और ई-रिक्शा संचालकों एवं मालिकों के साथ अलग बैठक की गई। इसमें यातायात नियमों के पालन, किराया दरों के निर्धारण और जरूरत के अनुसार संशोधन, निर्धारित मार्गों पर ही वाहनों के परिचालन और अनधिकृत स्थानों पर वाहन खड़ा करने पर रोक लगाने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।

जिला परिवहन पदाधिकारी ने कहा कि जिले में बेहतर यातायात व्यवस्था के लिए सभी वाहन संचालकों को प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा। उन्होंने आम लोगों को सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध कराने के लिए सभी पक्षों से सहयोग की अपील की।

–आईएएनएस

एससीएच/डीकेपी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk