रांची, 22 जून (आईएएनएस)। सीबीएसई की 12वीं बोर्ड परीक्षा-2026 के पुनर्मूल्यांकन (री-इवैल्यूएशन) परिणाम में झारखंड की राजधानी रांची की छात्रा अवनी केजरीवाल ने शानदार सफलता हासिल की है। प्रारंभिक परिणाम में उन्हें 94 प्रतिशत अंक मिले थे, लेकिन पुनर्मूल्यांकन के बाद उनके अंक बढ़कर 100 प्रतिशत हो गए।
कॉमर्स संकाय की छात्रा अवनी को अब 500 में से पूरे 500 अंक प्राप्त हुए हैं, जिसके बाद उनकी उपलब्धि राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गई है। अवनी रांची के दिल्ली पब्लिक स्कूल की छात्रा हैं। स्कूल प्रबंधन ने पुनर्मूल्यांकन के बाद उन्हें शत प्रतिशत अंक मिलने की पुष्टि की है।
13 मई को घोषित मूल परिणाम के बाद अवनी को लगा था कि उनके प्रदर्शन के अनुरूप अंक नहीं मिले हैं। इसके बाद उन्होंने सीबीएसई की निर्धारित प्रक्रिया के तहत उत्तर पुस्तिकाओं के सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन किया। सीबीएसई द्वारा हाल ही में जारी पुनर्मूल्यांकन परिणामों में उनके अंकों में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई।
संशोधित परिणाम के मुताबिक, उन्हें सभी विषयों में पूर्ण अंक प्राप्त हुए और उनका कुल स्कोर 500 में 500 हो गया। अवनी की इस उपलब्धि पर स्कूल में भी खुशी का माहौल है।
दिल्ली पब्लिक स्कूल, रांची की प्राचार्य डॉ. जया चौहान ने इसे विद्यालय के लिए गौरव का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किसी भी छात्र की मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम होता है।
अवनी की सफलता को लेकर शिक्षा जगत में भी सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। शिक्षाविदों का कहना है कि यह उपलब्धि छात्रों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें अपने अधिकारों और उपलब्ध प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक भी करती है।
–आईएएनएस
एसएनसी/एएसएच
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)























