झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने आज दावा किया कि गुजरात और हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ही सरकार बनाएगी। श्री दास ने यहां कहा कि वर्ष 2017 में ही उत्तर प्रदेश की जनता ने जिस तरह से भाजपा को प्रचंड बहुमत देककर विपक्ष की जात-पात की राजनीति को नकार दिया था उसी तरह हिमाचल और गुजरात में भी कांग्रेस का सफाया होना तय है। उन्होंने दावा कि भाजपा तय लक्ष्य के अनुरूप गुजरात में 150 से अधिक सीटों पर विजय पताका फहराने में सफल होगी।
उन्होंने कांग्रेस पर गुजरात में जात-पात एवं वंशवाद की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी अब देश के लिए बोझ बन चुकी है। गुजरात और हिमाचल प्रदेश ही नहीं आनेवाले समय में अन्य राज्यों से भी कांग्रेस का सफाया होना तय है। उन्होंनें कहा कि कांग्रेस अब राजनीतिक दल नहीं बल्कि गांधी परिवार की जागीर बन कर रह गई है।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर आरोप लगाते हुये कहा कि लोकतंत्र में सदन सबसे बड़ा पंचायत होता है, जहां सत्ता और विपक्ष के सदस्य चर्चा में शामिल होकर जनसरोकार के मुद्दों पर सकारात्मक निर्णय ले सकते हैं, लेकिन विपक्षी दलों ने कभी सदन की इस गरिमा का ख्याल नहीं रखा। उन्होंने कहा कि विधानसभा में मुख्य विपक्षी पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के विधायकों का झारखंड स्थापना दिवस जैसे महत्वपूर्ण मौके पर नदारद रहना काफी दुखद है।
श्री दास ने झामुमो पर हमला करते हुए कहा कि कामरेड ए.के.रॉय, विनोद बिहारी महतो और शिबू सोरेन जैसे नेताओं ने झारखंड निर्माण के लिए झामुमो बनाया था और तात्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी के कार्यकाल में अलग राज्य झारखंड का गठन हुआ था। इससे युवाओं में बेहतर भविष्य की उम्मीद जगी थी लेकिन झामुमो स्थानीयता के नाम पर गंदी राजनीति कर यहां के बेरोजगार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।
उन्होंनें कहा कि राज्य में विद्वेष फैलाने वालों के खिलाफ सरकार कड़ी कार्रवाई करेगी। मुख्यमंत्री ने संताल परगना प्रमंडल के विभिन्न इलाकों में बिचैलियों के हावी होने के सवाल पर सख्त लहजे में है कि उनकी सरकार किसी भी कीमत पर विकास से कोई समझौता नहीं करेगी। उन्होंनें कहा कि संताल परगना से सफेदपोश अपराधियों, बिचौलियों एवं भष्ट्राचारियों पर नकेल कसने के लिए वे स्वयं बार-बार यहां का दौरा करते रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जायेगा। इस क्षेत्र में अब केवल विकास की राजनीति होगी। श्री दास ने कहा कि इस बार झारखंड के पिछड़ जिलों में बजट पूर्व परिचर्चा का आयोजन किया जा रहा है ताकि शहर के साथ ही गांव के लोग भी इसमें शामिल हो सकें। उन्होंनें कहा कि साहिबगंज के हजारों साल पुराने मंडरों पहाड़ के अवशेष का संरक्षण करने की दिशा में सरकार कार्य कर रही है।
जल्द ही इसे मूर्त रूप दिया जायेगा। उन्होंनें दुमका के शिकारीपाड़ पत्थर उद्योग इलाके में चल रहे अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश देते हुए कहा कि वैध तरीके से खनन करने वालों को सरकार हर संभव मदद करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2018 की शुरुआत में राज्य सरकार 50 हजार से अधिक नियुक्तियां करने जा रही है, जिसमें शिक्षक, सिपाही एवं डीटीओ समेत अन्य पदों पर नियुक्तियां शामिल है। उन्होंनें कहा कि उनकी सरकार पिछले तीन वर्षो में अब तक एक लाख से अधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध करा चुकी है। झारखंड के बेरोजगार युवाओं को ध्यान में रखकर सरकार उनका कौशल विकास भी कर रही है।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।