हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के हनोगी मंदिर के पास शुक्रवार सुबह तीन वाहन भूस्खलन की चपेट में आ गए। इस घटना में दो लोगों की मौत और तीन घायल हुए है। वहीं कुल्लू जिले में भारी बारिश के कारण सैंज-लारजी राज्य राजमार्ग पागल नाला पर अवरुद्ध हो गया। यह मार्ग कुल्लू जिले की 15 ग्राम पंचायतों को आपस में जोड़ता है।
मंडी के पुलिस अधीक्षक गुरदेव चंद ने बताया कि हादसा चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर हनोगी माता मंदिर के पास सुबह पांच बजकर 15 मिनट पर हुआ। उन्होंने बताया कि एक बड़े पत्थर के वहां खड़े वाहन पर गिरने से चालक की मौत हो गई। शव को गाड़ी से निकालने के प्रयास जारी हैं।
अधिकारी ने बताया कि इस क्षेत्र से गुजर रहे कुछ अन्य वाहनों पर भी पत्थर गिरे। इसमें एक वाहन के चालक गुरमुख सिंह की मौत हो गई। सिंह उना की बंगाना तहसील के निवासी थे। वाहन में सवार बाकी लोग भी घायल हुए हैं।