हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। बता दें एक दिन साफ रहने के बाद मौसम फिर बिगड़ गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के बीच राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर फिर शुरू हो गया गया है। शिमला में भी बर्फबारी शुरू हो गई है। मैदान व मालरोड पर मौजूद सैलानी बर्फ के फाहे गिरते देख झूम उठे। उधर, बीते दिनों हुई बारिश-बर्फबारी से अभी भी दुश्वारियां कम नहीं हुई हैं। शनिवार सुबह 10:00 बजे तक राज्य में चार नेशनल हाईवे और 504 सड़कें यातायात के लिए बंद थीं।
- हिमाचल प्रदेश में फिर बिगड़ा मौसम
- शिमला सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी शुरू
- चार नेशनल हाईवे और 504 सड़कें यातायात के लिए बंद
मौसम खराब होने से संबंधित विभागों की भी चिंता बढ़ी
आपको बता दें सबसे ज्यादा सड़कें शिमला, कुल्लू व लाहौल-स्पीति में बंद हैं। इसके अतिरिक्त राज्य में 674 बिजली ट्रांसफार्मर भी ठप पड़े हैं। इसके चंबा, मंडी, शिमला और कुल्लू जिले के कई भागों में ब्लैक आउट हो गया है। बिजली तार और पोल टूटने से प्रदेश में ट्रांसफार्मर ठप हो गए हैं। कड़कती ठंड के बीच बिजली गुल होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। हालांकि, बिजली आपूर्ति बहाल करने को बोर्ड के कर्मचारी और अधिकारी फील्ड में डटे हुए हैं।
कुछ रूटों पर रात्रि बस सेवाएं की गई स्थगित
बर्फबारी के बाद प्रदेशभर में हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के करीब 600 रूट ठप रहे। निगम की करीब 136 बसें रास्तों में फंसीं हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए एचआरटीसी ने वैकल्पिक मार्गों से बसों का संचालन किया। शिमला, कुल्लू, किन्नौर, मंडी और लाहौल-स्पीति जिले में सबसे अधिक रूट प्रभावित हुए हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग-05 पर भारी फिसलन के चलते निगम ने कुछ रूटों पर रात्रि बस सेवाएं स्थगित कर दी हैं।
मैदानी भागों में बारिश की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश के कई भागों में तीन दिन फिर बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया है। राज्य में ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। इसके प्रभाव से 5 फरवरी तक मध्य और उच्च पर्वतीय जिलों के कई क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। मैदानी भागों में बारिश की संभावना है। 4 फरवरी को कुल्लू, चंबा, शिमला, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिले में भारी बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी हुआ है। इस दौरान शिमला शहर और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी की संभावना है।
देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘PUNJAB KESARI’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं।