हरिद्वार, संजय चौहान (पंजाब केसरी)ः आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत हर घर तिरंगा अभियान की तैयारियों के बीच जिला कारागार के कैदी भी इसे सफल बनाने में योगदान दे रहे हैं। जेल की चारदीवारी के भीतर कैदी मिलकर दस हजार तिरंगा झंडे बना रहे हैं।
आजादी के अमृत महोत्सव पर केन्द्र और प्रदेश की धामी सरकार हर घर तिरंगा लहराने की तैयारी कर रही है। आजादी के अमृत महोत्सव में बंदी अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए तिरंगा झंडा तैयार कर रहे हैं। इसके लिए कैदियों को 20 सिलाई मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं। कैदियों में तिरंगा बनाने को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।
जेल अधीक्षक मनोज कुमार आर्य ने बताया करीब दस हजार तिरंगा झंडे बनाने का लक्ष्य रखा गया है। झंडे तैयार होने के बाद बाजार में बिक्री के लिए उपलब्ध कराए जाएंगे। कारागार में बंदियों और कैदियों से मुलाकात करने पहुंचने वालों को भी एक-एक तिरंगा उपलब्ध कराया जाएगा। इसी के साथ हर बैरक में भी तिरंगा झंडा लगाया जाएगा।