कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों के विरोध में शनिवार को यहां फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च शहीद स्मारक से शुरू होकर पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पहुंचा और इसमें कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
उल्लेखनीय है कांग्रेस पार्टी ने अपने स्थापना दिवस पर केंद्र की नीतियों के खिलाफ फ्लैग मार्च निकालने का फैसला किया है। जयपुर में ‘भारत बचाओ-संविधान बचाओ’ नारे के साथ यह रैली शहीद स्मारक से शुरू हुई और प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पहुंची।
वहां पर प्रदेशाध्यक्ष पायलट ने कांग्रेस का झंडा फहराया उसके बाद सभी ने संविधान की प्रस्तावना की शपथ ली। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पायलट ने पार्टी कार्यकर्ताओं से भारत बचाओ की बात आम जनता तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा, ‘भारत बचाओ की बात जन-जन तक पहुंचानी है। आने वाले समय में हमे दिखाना है कि सविंधान ही सबसे पहले है।’
उन्होंने कहा राज्य में कांग्रेस की सरकार का एक साल पूरा हुआ और जो वादे किए गए थे उनको पूरा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमें जन भावना के अनुरूप काम करना है। वहीं मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का 134 साल का लंबा इतिहास है और त्याग एवं बलिदान इस पार्टी की परंपरा रही है।
उन्होंने कहा कि ‘’फासीवादी लोग लोकतंत्र का मुखौटा लगाकर सत्ता में आ गए हैं। लेकिन जनता ने इनको पहचान लिया है इसलिए भाजपा एक के बाद एक राज्य में सत्ता से बेदखल हो रही है।” गहलोत ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ पूरी पार्टी सोनिया गांधी के नेतृव में एकजुट है।


Download Android App
Download iOS App



