“माय भारत बजट क्वेस्ट 2026”: युवाओं को नीति-निर्माण से जोड़ने की बड़ी पहल, मंत्री राजेश अग्रवाल बोले- युवा ही विकसित भारत की असली ताकत

Chhattisgarh News

Chhattisgarh News: नवा रायपुर स्थित ट्रिपल आईटी में ‘माय भारत बजट क्वेस्ट 2026’ का भव्य शुभारंभ छत्तीसगढ़ के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में हुआ। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि “युवा शक्ति ही विकसित भारत की वास्तविक शक्ति है” और ऐसे आयोजन युवाओं को आर्थिक नीतियों तथा राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनते हैं।

युवाओं को बजट और विकास से जोड़ने की कोशिश

यह कार्यक्रम भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत संचालित ‘माय भारत’ पहल का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य केंद्रीय बजट 2026 के प्रति युवाओं और आमजन की समझ को मजबूत करना है। देशभर से लगभग 30 हजार प्रतिभागियों में से चयनित 471 युवाओं की भागीदारी इस आयोजन की व्यापकता को दर्शाती है।

मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि बजट केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि देश के विकास का रोडमैप होता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे इस मंच का उपयोग सीखने, प्रश्न पूछने और अपने विचार प्रस्तुत करने के लिए करें। उन्होंने कहा कि जब युवा नीति-निर्माण की प्रक्रिया को समझते हैं और उसमें भागीदारी करते हैं, तब लोकतंत्र और अधिक मजबूत होता है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि करदाताओं के धन का उपयोग किस प्रकार हो रहा है, इसकी जानकारी हर नागरिक, विशेषकर युवाओं को होना आवश्यक है।

देशभर में ‘माय भारत’ कार्यालय खोलने की योजना

कार्यक्रम में माय भारत छत्तीसगढ़ के राज्य निदेशक श्री अर्पित तिवारी ने ‘बजट क्वेस्ट 2026’ की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि यह पहल युवाओं को वर्षभर रचनात्मक और राष्ट्रहित से जुड़े कार्यक्रमों में जोड़ने का कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को साकार करने में युवाओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।

‘माय भारत’ की घोषणा 31 अक्टूबर 2023 को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा की गई थी, जो युवाओं के लिए, युवाओं के साथ और युवाओं द्वारा कार्य करने वाली एक स्वायत्त संस्था है, जिसका मूल मंत्र “सेवा से संस्कार” है।
उन्होंने आगे जानकारी दी कि देश के 763 जिलों में ‘माय भारत’ कार्यालय स्थापित किए जाने की योजना है, जिनमें से छत्तीसगढ़ में 17 नए कार्यालय खोले जाएंगे। इन कार्यालयों के माध्यम से युवाओं को प्रशिक्षण, क्षमता विकास और यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम जैसे अवसर प्रदान किए जाएंगे।

देश के विकास में युवाओं की भूमिका पर जोर

Chhattisgarh News

ट्रिपल आईटी नवा रायपुर के डायरेक्टर श्री ओमप्रकाश व्यास ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि चयनित 471 प्रतिभागियों की उपस्थिति उनकी प्रतिभा और प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने इसे एक ऐतिहासिक अवसर बताते हुए कहा कि आज युवा केवल योजनाओं के लाभार्थी नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के सक्रिय भागीदार बन रहे हैं।
कार्यक्रम के अंत में मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे आयोजन युवाओं को जागरूक और सक्षम बनाते हुए देश के विकास में उनकी भागीदारी को और सशक्त करेंगे। इस अवसर पर रायपुर नगर निगम आयुक्त श्री विश्वदीप भी उपस्थित रहे। अंत में माय भारत छत्तीसगढ़ के डिप्टी डायरेक्टर श्री नितिन शर्मा ने आभार व्यक्त किया।

रिपोर्ट- आनंद खरे

यह भी पढ़ें: “धर्म में ‘इस्लाम’ और मातृभाषा में ‘उर्दू’ लिखें…”, जनगणना 2027 से पहले मौलाना खालिद रशीद ने मुसलमानों से की बड़ी अपील

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Make Punjab Kesari Your Trusted News Source

Related Posts

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।