Father Seventh Marriage Dispute: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के अहरौला थाना क्षेत्र से एक बेहद ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शख्स पर सातवीं बार शादी करने की तैयारी का आरोप लगा है। लेकिन इसमें हैरानी वाली बात ये है कि इस बार शादी का विरोध कोई और नहीं, बल्कि उसका खुद का नाबालिग बेटा कर रहा है। बेटे ने थाने में जाकर तहरीर देकर पुलिस से हस्तक्षेप करने की मांग की है। उसने पुलिस के सामने गुहार लगाई कि “पापा सातवीं बार शादी को तैयार हैं, उन्हें रोक लो।”
55 वर्षीय अमरजीत मौर्य कर चुके हैं 6 शादी
जानकारी के अनुसार, अहरौली क्षेत्र में रहने वाले 55 वर्षीय अमरजीत मौर्य पर आरोप लगा है कि वह अब तक छह शादियां कर चुके हैं और अब सातवीं बार शादी की तैयारी में लगे हुए हैं। अमरजीत के नाबालिग बेटे शनि मौर्य ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसके पिता ने उसकी मां से तीसरी शादी की थी। इससे पहले वह दो शादियां कर चुके थे और बाद में भी उन्होंने कई बार शादी की।
बेटे ने पिता पर लगाया सातवीं बार शादी करने का आरोप
बेटे शनि मौर्य ने बताया कि पिता अमरजीत मौर्य ने वर्ष 2024 में छठी बार शादी की थी। कुछ समय तक सब ठीक चल रहा था, लेकिन बाद में पत्नी ने जमीन अपने नाम कराने की मांग शुरू कर दी। जब जमीन नाम नहीं की गई, तो उसने जेवर की मांग की और विवाद बढ़ने पर वह घर छोड़कर चली गई। बेटे ने आरोप लगाया है कि अब पिता सातवीं बार शादी के लिए लोगों से संपर्क कर रहे हैं और इसके लिए जमीन बेचने तक की भी तैयारी कर चुके हैं।
UP News: शादी के नाम पर 50 हजार रुपये एडवांस भी लिए हैं
नाबालिग बेटे ने बताया कि उसके पिता ने शादी के नाम पर किसी व्यक्ति से करीब 50 हजार रुपये एडवांस भी ले लिए हैं। परिवार की आधे से ज्यादा जमीन पहले ही गिरवी रखी जा चुकी है। शनि ने बताया कि वह 12वीं का छात्र है और पिता का कर्ज चुकाने के लिए उसे मजदूरी भी करनी पड़ रही है। हाल ही में वह परीक्षा देने के लिए घर लौटा, तब उसे पिता की सातवीं शादी की तैयारी के बारे में पता चला।
इस मामले को लेकर गांव में भी काफी चर्चा हो रही है। गांव के प्रधान शत्रुघ्न कनौजिया ने बताया कि अमरजीत मौर्य पहले भी कई शादियां कर चुके हैं और यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं अहरौला थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा ने कहा कि बेटे की ओर से तहरीर मिली है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है और जांच के आधार पर आगे की जरुरी कार्रवाई की जाएगी।






















