बर्फ की चादर में लिपटा बद्रीनाथ धाम, चमोली में भारी हिमपात से बढ़ी ठंड, कई जिलों में तूफान और ओलावृष्टि का अलर्ट

Uttarakhand Heavy Snowfall

Uttarakhand Heavy Snowfall: उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाके में मौसम ने फिर करवट ली है। रविवार रात से ही चमोली जिले के ऊपरी इलाकों में लगातार भारी बर्फ़बारी हो रही है। इसके चलते बद्रीनाथ धाम का परिसर सफ़ेद चादर से ढक गया है। मंदिर के आस-पास के नीलकंठ पर्वत और नारायण पर्वत भी बर्फ की सफेद चादर में लिपटे हुए नजर आ रहे हैं।

बर्फ़बारी के कारण तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की गई है। जिससे इलाके में फिर से ठंड की वापसी हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र ने आज सोमवार को देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, टिहरी, नैनीताल, चंपावत में बारिश व ओलावृष्टि के साथ तूफान अलर्ट जारी किया है। जबकि उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भी तूफान का अलर्ट है।

बर्फबारी से बढ़ी ठंड

स्थानीय प्रशासन के अनुसार, बर्फ़बारी होने से क्षेत्र में ठंड का प्रभाव बढ़ा है। खराब मौसम के चलते लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। उत्तराखंड में इससे पहले 28 जनवरी को केदारनाथ धाम में भी भारी बर्फ़बारी देखने को मिली थी। उस समेत केदारनाथ मंदिर के परिसर में करीब 3-4 फीट तक की बर्फ की मोटी चादर छा गई थी।

भारी बर्फबारी के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मजबूत

रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन के अनुसार, क्षेत्र में भारी बर्फबारी के बावजूद केदारनाथ धाम की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मजबूत है। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) और रुद्रप्रयाग पुलिस के जवान कड़ाके की ठंड और खराब मौसम में भी मंदिर परिसर और आसपास के संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त कर रहे हैं। तेज बर्फीली हवाओं और कठिन रास्तों के बावजूद सुरक्षा बलों का मनोबल ऊंचा बना हुआ है।

बारिश के बाद बुझी जंगलों की आग

रविवार को हुई बारिश के बाद से जंगलों की आग बुझ गई है। नवंबर से ही जंगलों में आग की घटनाएं सामने आने लगी थी। 15 फरवरी से फायर सीजन शुरू हुआ, तब से जंगल की आग की 84 घटनाएं सामने आ चुकी हैं। मुख्य वन संरक्षक वनाग्नि नियंत्रण सुशांत पटनायक ने बताया कि 23 जगह पर फायर अलर्ट था, बारिश होने से अब किसी भी स्थान पर आग की सूचना नहीं है।

यह भी पढ़ें: Dehradun: 14 साल की बच्ची को नशीला पदार्थ पिलाकर जंगल में किया गैंगरेप, 3 आरोपी गिरफ्तार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Make Punjab Kesari Your Trusted News Source

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।