By-Elections : छह राज्यों की 7 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए सुबह 7:00 बजे से मतदान शुरू हो गया है। उत्तर प्रदेश की गोला गोकर्णनाथ सीट, बिहार में मोकामा और गोपालगंज, तेलंगाना की मुनुगोडु सीट, हरियाणा के आदमपुर, महाराष्ट्र की अंधेरी ईस्ट और ओडिशा की धामनगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव हो रहे हैं।
हिरासत में लिए गए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष
तेलंगाना की मुनुगोडे सीट पर हो रहे उपचुनाव के बीच मतदान से पहले तेलंगाना पुलिस ने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बंदी संजय को अब्दुल्लापुरमेट थाना क्षेत्र से हिरासत में ले लिया है। बंदी संजय ने आरोप लगाया कि सत्ताधारी टीआरएस पार्टी के मंत्री और नेता चुनाव नियमों का उल्लंघन करके लोगों को डरा रहे हैं या उन्हें लालच दे रहे हैं।
बार-बार जानकारी देने के बावजूद पुलिस इस पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। इसके खिलाफ जब बीजेपी नेताओं ने प्रदर्शन किया, तो उन्हें हिरासत में ले लिया गया। उधर, मुनुगोड़े से भाजपा के उम्मीदवार राजगोपाल रेड्डी ने सत्ताधारी टीआरएस पार्टी पर सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए रिटर्निंग कैंप अधिकारी कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन किया।
BJP और क्षेत्रीय पार्टियों के बीच है मुकाबला
इस चुनाव में सांकेतिक मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (BJP) और क्षेत्रीय दलों के बीच है। हरियाणा के आदमपुर विधानसभा क्षेत्र पांच दशक से भजनलाल परिवार का गढ़ रहा है और वह इसे कायम रखने की कोशिश कर रहा है। बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में ‘महागठबंधन’ की सरकार बनने के बाद यह पहली चुनावी परीक्षा है। कुमार की जनता दल -यूनाइेटड (जदयू) द्वारा भाजपा का साथ छोड़ने के तीन महीने से भी कम समय के बाद बिहार में पहला उपचुनाव हो रहा है।
बीजेपी उत्तर प्रदेश में गोला गोकर्णनाथ सीट को कायम करने की कोशिश कर रही है जबकि सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद)शासित ओडिशा में मौजूदा विधायक के निधन से खाली हुई धामनगर सीट पर सहानुभूति का लाभ उठाने के लिए दिवंगत विधायक के बेटे को उम्मीदवार बनाया गया है।
तेलंगाना की मुनूगोडा सीट पर बीजेपी और राज्य में सत्तारूढ़ तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) ने आक्रामक तरीके से प्रचार किया है। यह सीट कांग्रेस विधायक द्वारा त्यागपत्र देने से खाली हुई थी और अब वह बीजेपी के टिकट पर दोबारा चुनावी मैदान में हैं।


Download Android App
Download iOS App



