मथुरा : उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद में दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित छाता तहसील क्षेत्र में अकबरपुर गांव में रेलवे लाइन के सहारे झुग्गी-झोपड़ी डालकर रह रहे 17 बांग्लादेशी नागरिकों को बिना किसी वैध दस्तावेज के भारत में रहने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इनमें चार महिलाएं, पांच पुरुष व आठ बच्चे शामिल हैं। पुलिस ने इन सभी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है। सभी आरोपी यहां कूड़ा बीनने का काम कर रहे थे।
दरअसल, हाल ही में एक-दो आपराधिक वारदातों में घुमंतू जाति बावरिया गिरोह के लोगों का हाथ होने की संभावना पर पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी। तभी पुलिस को खुफिया विभाग के सहयोग से इन लोगों के अकबरपुर गांव में रेलवे लाइन के किनारे अस्थायी आवास बनाकर रहने की जानकारी मिली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शलभ माथुर ने बताया, ‘‘तहकीकात में उन सभी के बांग्लादेशी नागरिक होने तथा अवैध रूप सें भारत में प्रवेश कर यहां रहने की पुष्टि होने पर गिरफ्तार कर लिया गया। वे पिछले तीन साल से यहां जमे हुए थे।’’


Download Android App
Download iOS App



