कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने पंजाब में गन्ने की कीमत 360 रूपए प्रति क्विंटल किए जाने के फैसले को लेकर बुधवार को उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि 400 रूपए प्रति क्विंटल का दाम देने का वादा करके सत्ता में आई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने गन्ने की कीमत एक फूटी कौड़ी भी नहीं बढ़ाई।
प्रियंका ने कहा कि जहां उत्तर प्रदेश के गन्ना किसान परेशान हैं वहीं पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की नीतियों के कारण राज्य का किसान खुशहाल है। पंजाब सरकार की सराहना करते हुए प्रियंका ने ट्वीट किया और कहा कि पंजाब की कांग्रेस सरकार ने किसानों की बात सुनी और गन्ने के दाम 360 रूपए प्रति क्विंटल किए। गन्ने का दाम 400 रूपए प्रति क्विंटल करने का वादा करके आई उप्र की भाजपा सरकार ने 3 साल से गन्ने की कीमत एक फूटी कौड़ी भी नहीं बढ़ाई और किसानों द्वारा आवाज उठाने पर वह देख लेने जैसी धमकी भी देती है।
पंजाब की कांग्रेस सरकार ने किसानों की बात सुनी और गन्ने के दाम 360रू/क्विंटल किए।
गन्ने का 400रू/क्विंटल का वादा करके आई उप्र भाजपा सरकार ने 3 साल से गन्ने के दाम पर एक फूटी कौड़ी नहीं बढ़ाई है और किसानों द्वारा आवाज उठाने पर “देख लेने” जैसी धमकी देती है।
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) August 25, 2021
गौरतलब है कि पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने मंगलवार को गन्ने की कीमतों में बढ़ोतरी की मांग कर रहे किसानों को भरोसा दिया कि इस नकदी फसल का मूल्य बढ़ाकर 360 रूपए प्रति क्विंटल कर दिया जाएगा, जिसके बाद किसानों ने अपना आंदोलन वापस ले लिया। मुख्यमंत्री ने किसान नेताओं के साथ बैठक के बाद गन्ने के राज्य परामर्श मूल्य (एसएपी) में 35 रूपए प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी करने का ऐलान भी किया।