Sitapur News: कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला एक और मामला सामने आया है, जहां नाबालिग से छेड़छाड़ की गंभीर घटना में पुलिस की कार्यशैली खुद कटघरे में खड़ी नजर आ रही है। आरोप है कि घटना की निष्पक्ष जांच करने के बजाय सकरन पुलिस पूरे मामले को दबाने और लीपापोती करने में जुटी रही। पीड़ित पक्ष के अनुसार, नाबालिग के साथ छेड़छाड़ की घटना के बाद जब परिजन न्याय की आस लेकर थाने पहुंचे, तो उन्हें संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई के बजाय सिर्फ निराशा हाथ लगी।
हैरानी की बात यह रही कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने के बजाय सकरन पुलिस के थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने पीड़ित पक्ष को ही घंटों थाने में बैठाए रखा। क्षेत्रीय पुलिस का यह तानाशाह पूर्ण रवैया न केवल पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़ा करता है, बल्कि न्याय व्यवस्था पर भी गंभीर चिंताएं उत्पन्न करता है।
मामला तब और भी गंभीर हो जाता है, जब मात्र कागजी सुधार और गुडविल के चलते नाबालिग से छेड़छाड़ जैसे घटनाओं को अनदेखा किया जा रहा हो। पीड़ित का आरोप है कि थाने में मौजूद स्टॉफ ने एक तरफ जहां उसे धमकाया वहीं दूसरी तरफ उसे महिला हेल्प डेस्क से लेकर कई अन्य जगहों के भी चक्कर लगवाते हुए घंटों बिठाए रखा गया।
नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़
पूरा मामला थाना क्षेत्र सकरन के ग्राम कोडरी मजरा कल्ली का है,जहां निवासी एक नाबालिग लड़की (उम्र करीब 14 वर्ष) के साथ क्षेत्र के ही निवासी नीरज पुत्र राधेश्याम व दो अन्य ने छेड़छाड़ की। घटना उस समय घटित हुई,जब किशोरी अपने घर से शौच हेतु गई थी। आरोप है कि नीरज पुत्र राधेश्याम व दो अन्य अज्ञात ने गलत नियत के इरादे से पीड़ित का हांथ पकड़ कर खींचा व उसके साथ छेड़छाड़ की। किशोरी द्वारा मदद के लिए शोर मचाने पर आपराधिक जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
थाना सकरन में परिजनों को घंटों बैठाए रखा
प्रकरण की शिकायत लेकर जब पीड़ित किशोरी के परिजन नजदीकी थाना सकरन पहुंचे तो वहां उन्हें बिना किसी कार्यवाही के घंटों बैठाए रखा गया। न्याय में लीपापोती व अपराधियों के प्रति कार्यवाही न होने को दशा में पीड़ित के परिजनों ने अब जिलाधिकारी कार्यालय का रुख किया है। पीड़ित के परिजनों का कहना है कि यदि मामले में त्वरित कार्यवाही करते हुए दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो वे कल दिनांक 24 मार्च को मुख्यमंत्री कार्यालय तक पैदल मार्च भी कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें: UP: शहतूत के पेड़ से लटका मिला विवाहिता का शव, संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में हड़कंप























