रेलवे फाटक के नीचे से बाइक निकालना शख्स को पड़ा भारी, पुलिस ने जड़ा जोरदार थप्पड़

Summary :

अक्सर लोग बंद रेलवे क्रॉसिंग के नीचे से बाइक, साइकिल निकाल कर रेल ट्रैक पार करने लगते हैं। यूपी के बरेली में एक युवक ऐसा ही करता है जिसके बाद पुलिस ने उसे थप्पड़ जड़ दिए। इसका वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहा है।

आजकल लोग इतनी जल्दबाजी में रहते हैं कि अक्सर ही वो ट्रैफिक नियमों की अनदेखी कर देते हैं। इतना ही नहीं कई बार तो जल्दी के चलते रेलवे क्रॉसिंग ही पार करने लगते हैं। ऐसे में आए दिन रेलवे क्रॉसिंग पर हादसों की खबरें सामने आती रहती है। लोग बंद रेलवे क्रॉसिंग के नीचे से बाइक, साइकिल निकाल कर रेल ट्रैक पार करने लगते हैं जिसके चलते कई बार हादसे भी हो जाते हैं।
इसी कड़ी में अब एक नया वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहा है जिसमें एक युवक रेलवे फाटक के नीचे से बाइक निकालकर ट्रैक पार कर रहा होता कि तभी वहां पुलिस आ जाती है, उसके बाद पुलिसवाला उस शख्स के साथ कुछ ऐसा करता है जिसके बारे में किसी ने भी नहीं सोचा होगा। रिपोर्ट के मुताबिक, ये वीडियो उत्तर प्रदेश के बरेली का है।
रेलवे की तरफ से कई विज्ञापन और जागरूकता अभियान चलाने के बाद भी लोग अपनी मनमानी करने से बाज नहीं आते हैं। नियमों की धज्जियां उड़ाना तो जैसे लोगों ने आम बात बना ली है और इसके कई वीडियो इंटरनेट पर देखने को भी मिलते है। वायरल हो रहे वीडियो में एक युवक जबरदस्ती अपनी बाइक रेलवे फाटक के नीचे से निकाल कर रेल ट्रैक पार करने की कोशिश करता है। ठीक उसी वक्त वहां रेल पुलिस पहुंच जाती है और उस युवक को वहीं रोकती है।

पुलिसवाला उस युवक के कुछ बात करता है और उसके बाद वो उसे अचानक एक जोरदार थप्पड़ जड़ देता है। इतना ही नहीं उसके बाद पुलिसवाला उस शख्स का सिर पकड़ जमीन में घसीटने लगा। मगर वो शख्स अपना सिर पुलिसवाले की पकड़ से निकाल लेता है जिसके बाद पुलिसवाला पैर से बाइक के अगले हिस्से को क्षतिग्रस्त करने लगता है। पुलिसवाले को ऐसा करता देख वो युवक जल्दी से रेलवे क्रॉसिंग से पीछे की तरफ चला जाता है और अपनी बाइक को भी पीछे करने लगता है लेकिन इस दौरान पुलिसवाला उसकी बाइक पर पैर से मारता रहता है।
बाइक वाले के पीछे और भी लोग थे और उन्हीं में से किसी ने ये वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया है। इस वीडियो में नजर आ रहा है कि पुलिस के पीछे दूसरे लोग भी रेलवे क्रॉसिंग के अंदर साइकिल से तो कुछ लोग पैदल ही रेल ट्रैक पार कर रहे हैं। इस वायरल वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स कॉमेंट सेक्शन में तरह-तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

Desk Team