लुधियाना : दिल्ली विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी के सुप्रीमों अरविंद केजरीवाल द्वारा सियासी हैट्रिक लगाकर जीत दर्ज करवाएं जाने पर पंजाब में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता और नेता दिनभर झूमते दिखे। इस दौरान अलग-अलग इलाकों से ढोल-धमाकों और लडडू बांटने की खबरें प्राप्त हुई।
मोगा में आप वर्करों द्वारा हाथों में झाड़ू थामकर एक बड़ा जुलूस निकाला गया जबकि सीमावर्ती क्षेत्र खेमकरण, अजनाला, अमृतसर और बटाला के इलाकों से भी आप वर्करों द्वारा खुशियां मनाए जाने की जानकारी मिली है। बरनाला के इलाका सुनाम उधम सिंह वाला में दिल्ली की इस बड़ी जीत पर खुशी में आम आदमी पार्टी के वर्करों द्वारा भंगड़ा डाला गया और आसपास के लोगों में लडडू बांटे गए।
बंगा में भी आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने केजरीवाल के ध्वज के साथ झाड़ू पकडक़र भंगड़ा डाला और कहा दिल्ली में अरविंद केजरीवाल की लोगों के प्रति सही नीतियों ने शानदार जीत दर्ज करवाई है। लोगों का कहना था कि धर्म के नाम पर सियासत करने वालों को दिल्ली वासियों ने बुरी तरह नकार दिया। नवांशहर और फिल्लौर से भी आप वर्करों द्वारा खुशियां मनाए जाने की खबर है। जबकि बलाचौर इलाके से आम आदमी पार्टी की शानदार प्रदर्शन पर आप वर्कर बागोबाग होते दिखे। इस दौरान इलाके के लोगों में मुंह मीठा करवाकर खुशी दर्ज करवाई।
लुधियाना और जालंधर में आप कार्यकर्ताओं ने जमकर जीत का जश्न मनाया गया। आप कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़े बजाकर मिठाइयां बांटी और भंगड़ा डाला। कई वर्कर हाथ में पार्टी के पोस्टर लिए हुए थे। इन पर लिखा था- 2020 चोण विच जीती दिल्ली, हुण 2022 में जीतेंगे पंजाब। दिल्ली के नतीजे पंजाब के लिए महत्वपूर्ण हैं क्योंकि यहां आम आदमी पार्टी वर्तमान में मुख्य विपक्षी दल है। पार्टी की 117 सदस्यीय विधानसभा में 19 सीटें हैं। इस बार दिल्ली में चुनाव प्रचार के दौरान पंजाब भर से कार्यकर्ता गए थे। इन सभी नेताओं को मुख्य रूप से पंजाबी बाहुल्य क्षेत्रों में पार्टी का प्रचार करने का जिम्मा सौंपा गया था।
-सुनीलराय कामरेड