उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनावों को लेकर सियासी उठा पटक का दौर जारी है। समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के परिवार ने सेंध लगाने वाली बीजेपी अब कांग्रेस को झटका देने वाली है। यादव परिवार की बहु अर्पणा यादव के बीजेपी में शामिल होने के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के महत्वाकांक्षी अभियान ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ की पोस्टर गर्ल ने प्रियंका मौर्य भगवा दल में शामिल हो सकती हैं।
कांग्रेस की पोस्टर गर्ल प्रियंका मौर्य विधानसभा चुनाव से ठीक पहले बीजेपी में शामिल होने की तैयारी में हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आज उन्हें लखनऊ में बीजेपी की सदस्यता दिलाई जाएगी। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस से टिकट नहीं मिलने से प्रियंका मौर्या नाराज हैं। उन्हें प्रियंका गांधी का सहयोगी माना जाता है।
कांग्रेस ने मेरे नाम और चेहरे का किया इस्तेमाल
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उत्तर प्रदेश में महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष प्रियंका मौर्य ने कहा कि ” उन्होंने (कांग्रेस) मेरे चेहरे, मेरे नाम और मेरे 10 लाख सोशल मीडिया फॉलोअर्स का इस्तेमाल प्रचार के लिए किया। लेकिन जब आने वाले चुनाव के लिए टिकट की बात आई, तो यह किसी और को दे दिया गया। यह अन्याय है।” उन्होंने आगे कहा कि मुझे टिकट नहीं मिला क्योंकि मैं एक ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग) की लड़की हूं और प्रियंका गांधी के सचिव संदीप सिंह को रिश्वत नहीं दे सकती थी।
पोस्टर गर्ल ने कांग्रेस में धांधली का लगाया आरोप
दरअसल, प्रियंका मौर्य ने आरोप लगाया था कि कांग्रेस में धांधली चल रही है। उन्होंने आरोप लगाया है कि टिकट के लिए उनसे घूस मांगी गई। यह घूस किसी और ने नहीं बल्कि प्रियंका गांधी के सचिव संदीप सिंह ने मांगी है। प्रियंका मौर्य ने पार्टी पर कई और भी आरोप लगाए थे।