2019 के लोकसभा चुनाव से पहले ही उनका संतकबीरनगर के मेंहदावल सीट से भाजपा
विधायक राकेश सिंह बघेल से विवाद हो गया था। इस घटना के बाद ही उनको
संतकबीरनगर से टिकट नहीं मिला, लेकिन पार्टी ने उनके पिता व पूर्व प्रदेश
अध्यक्ष रमापति राम त्रिपाठी को देवरिया से चुनाव मैदान में उतारा और वे
देवरिया से सांसद हैं। उनके निधन की सूचना मिलते ही देवरिया में शोक की लहर
व्याप्त है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने त्रिपाठी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने गुरूवार को एक ट्वीट संदेश में कहा, ‘’श्री शरद त्रिपाठी के असमय निधन से मैं और कई अन्य लोग निराश हैं। उन्हें समाज सेवा करने तथा पिछडे लोगों के लिए काम करने में आनंद आता था। उन्होंने संत कबीरदास जी के आदर्शों को लोकप्रिय बनाने के लिए अनेक अनूठे प्रयास किये थे। उनके परिजनों तथा समर्थकों के प्रति संवेदनाएं। ओम शांति। ’’
राजनाथ सिंह ने अपने संदेश में कहा, ”पूर्व सांसद और भाजपा नेता, श्री शरद त्रिपाठी के निधन का समाचार बेहद पीड़ादायक है। एक जन प्रतिनिधि के रूप में उन्होंने हमेशा बड़े प्रभावी तरीक़े से जनता की बात को उठाया। वे सीधे ज़मीन से जुड़ कर काम करते थे। उनके निधन से पार्टी ने एक कर्मठ, जुझारू और युवा कार्यकर्ता खो दिया है। एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा, ”मैं श्री शरद त्रिपाठी के पिताजी डा. रामपति राम त्रिपाठी जी एवं उनके शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएँ व्यक्त करता हूँ। साथ ही ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि वे पूरे परिवार को यह भारी दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। ओम् शांति!
अमित शाह ने कहा, ‘‘भारतीय जनता पार्टी के कर्मठ नेता व संतकबीरनगर के पूर्व सांसद श्री शरद त्रिपाठी जी ने हमेशा जनता के हितों से जुड़ मुद्दों को उठाने का काम किया। उनका असामयिक निधन भाजपा परिवार के लिए एक बड़ी क्षति है। मैं डॉ रमापति जी, सभी परिजनों व समर्थकों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूँ। ॐ शांति। ‘’
स्मृति ईरानी और यूपी बीजेपी अध्यक्ष सिंह ने शरद त्रिपाठी के निधन पर शोक व्यक्त किया
स्मृति ईरानी ने ट्वीट कर कहा, “मैं निशब्द हूं। ऐसा लगता अभी बोल उठेगा शरद ‘चल दीदी क्षेत्र में कार्यक्रम करना है’चला गया , प्रभु की यही इच्छा थी। ईश्वर शरद त्रिपाठी जी की आत्मा को शांति दें, अपने श्री चरणों में स्थान दें। “
वहीं बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि संतकबीरनगर से पूर्व सांसद व भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री शरद त्रिपाठी जी के निधन के समाचार से स्तब्ध हूं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दे व परिजनों को यह दुःख सहने का संबल प्रदान करे।