उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को चुनाव में जीत के लिये किसी दल के समर्थन की जरूरत नहीं है। पार्टी अपने कार्यकर्ताओं के दम पर जीत हासिल करती आई है और आगे भी इस सिलसिले को जारी रखेगी।
मौर्य ने एक चुनावी रैली को संबोधित करने के बाद पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि भाजपा एक लोकप्रिय दल है जो अपने कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के लिए किए गए विकास कार्यो पर भरोसा करती है। उसे किसी चुनाव में जीत के लिए किसी अन्य दल के समर्थन की ना पहले जरूरत थी और ना ही आगे रहेगी।
उन्होंने कहा कि 2014, 2017 और 2019 के चुनावों में भाजपा अपने कार्यकर्ताओं के दम पर चुनाव जीतती रही है और आगे भी इन्ही की बदौलत जीत के सिलसिले को बरकरार रखा जाएगा। जब मौर्य से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती के उस बयान का जिक्र किया गया था जिसमें उन्होंने कहा था कि समाजवादी पार्टी (सपा) को एमएलसी चुनाव में हराने के लिए वह भाजपा का समर्थन करने से भी परहेज नहीं करेंगी।
उप मुख्यमंत्री ने बसपा प्रमुख का नाम लिए बगैर कहा कि भाजपा चुनावों में जीत के लिए किसी अन्य दल की मोहताज नहीं है। पार्टी जनता के लिए किए गए विकास कार्यो और कार्यकर्ताओं की मेहनत पर विश्वास करती है जो उसे जीत का तोहफा देते हैं।