उत्तराखंड में पहाड़ के राजा नैनीताल में मौसम के पहले हिमपात से हाड़कंपा देने वाली ठंड के बीच यहां आये सैलानियों ने बर्फबारी का आंनद लिया।
बर्फबारी से ऊंची पहाड़ियां बर्फ से ढक गयी हैं। जिसको लेकर सैलानियों और पर्यटन व्यवसायियों के चेहरे खिल गये हैं।
मौसम ने बदली करवट , बारिश के साथ ही ऊंची चोटियों में बर्फवारी
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार उत्तराखंड में मंगलवार को मौसम ने करवट बदली। कल पूरे दिन मौसम बदला रहा। इसके चलते तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गयी। रात में तापमान और गिर गया। मंगलवार देर रात बारिश के साथ ही ऊंची चोटियों में बर्फवारी शुरू हो गई।
नैनीताल की पहाड़ियां और पेड़ो ने ओढी बर्फ की सफेद चादर
आज सुबह जब लोग जागे तो नैनीताल की पहाड़ियां और पेड़ बर्फ की सफेद चादर ओढी हुईं थीं। पेड़ की खूबसूरती देखते ही बनती थी। यह मौसम का पहला हिमपात माना जा रहा है। शहर के चाइना पीक, टिफिन टॉप, लड़या कांटा, किलबरी इलाकों में काफी हिमपात हुआ है अभी शहर के निचले वाले इलाकों में हिमपात देखने को नहीं मिला है। जानकारों का मानना है कि नये साल के मौके पर अच्छी हिमपात देखने को मिल सकती है।
ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का आनंद लेते देखे गये सैलानी
नैनीताल के आसपास के क्षेत्रों भीमताल, रामगढ़, मुक्तेश्वर, गागर, किलबरी में भी कुछ हिमपात होने की खबर है। इससे यहां आने वाले सैलानियों के चेहरे खिल गये हैं। पर्यटक सुबह ही बाहर निकल गये और उन्होंने ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का आनंद लेते देखे गये।
बर्फवारी के साथ ही हाड़ मास कंपा देने वाली ठंड से स्थानीय लोगों की मुसीबतें बढ़ गयी हैं। हालांकि बर्फवारी से किसानों और पर्यटन कारोबारियों के चेहरे खिल गये हैं।