घरौंडा : हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आज मधुबन स्थित हरियाणा सशस्त्र पुलिस कॉम्पलैक्स (एच.ए.पी.) में पधार कर लाखों रूपये की लागत से निर्मित श्रृंखलाबद्घ कार्यक्रमो का उद्घाटन किया। उनके साथ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला, पुलिस महानिदेशक मनोज यादव, एडीजीपी एवं हरियाणा पुलिस अकादमी के निदेशक श्रीकांत जाधव, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक सी.आई.डी. अनिल राव, पुलिस महानिरीक्षक योगेन्द्र नेहरा, कई वरिष्ठ आई.पी.एस. अधिकारी, उपायुक्त विनय प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र सिंह भौरिया, अतिरिक्त उपायुक्त अनिश यादव के अतिरिक्त जिला भाजपा अध्यक्ष जगमोहन आनंद, शमशेर नैन सहित कई भाजपा नेता उपस्थित थे।
दोपहर ठीक 12 बजे मुख्यमंत्री ने हैलीकॉपटर से उतरकर सबसे पहले पुलिस जवानो की गार्द की सलामी ली और उसके बाद मधुबन पुलिस कॉम्पलैक्स के मुख्य द्वार पर मुख्यमंत्री ने तालियों की गडगडाहट के बीच, महाभारत के मुख्य पात्रो में से एक अर्जुन की फाईबर निर्मित प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया। आदमकद प्रतिमा में धनुषधारी अर्जुन अपने हाथ में तीर को साधे हुए हैं।
प्रतिमा के उदघाटन के बाद खुली जीप में सवार होकर मुख्यमंत्री निकट ही बुद्घा गार्डन पधारे और भगवान बुद्ध की प्रतिमा का अनावरण किया। प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति पर आधारित इस गार्डन में योगा एवं एक्यूप्रैशर से शरीर को तंदरूस्त किया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने कॉम्पलैक्स परिसर में ही करीब 40-45 फुट ऊंचाई पर लगाए गए ध्वजों का भी उद्घाटन किया।
इस स्थल पर समानांतर लाईन में तीन ध्वज लगाए गए हैं, जिनमें राजकीय ध्वज तिरंगा, हरियाणा पुलिस और हरियाणा पुलिस अकादमी के ध्वज शामिल है। खास बात यह है कि तीनो ध्वज पुलिस कॉम्पलैक्स के साथ सटे एन.एच. से गुजरते राहगिरों को भी दिखाई देते हैं। ध्वजों के आगे खूबसूरत फाउनटेन लगाए गए हैं। इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने निकट ही एक छोटे पार्क में स्थापित किए गए एकबड़े पत्थर का अनावरण किया।
पत्थर पर व्यक्ति विशेष में नैतिक मूल्यों को आत्मसात करने की प्रेरणा देते अनमोल वचन लिखे गए थे, जिसमें लिखा गया था कि मैं कठिन सत्य को चुन सकूं, आसान झूठ को नहीं। मैं अर्धसत्य से संतुष्ट ना रहूं, पूर्ण सत्य को ही विजय कंरू। इस वाक्य को लेकर मुख्यमंत्री और डीजीपी मनोज यादव के बीच संवाद हुआ। मुख्यमंत्री ने बताया कि बीते कल यानि सोमवार को एंटी क्रप्शन डे मनाया गया।
इसमें सरकार की ओर से एप, टोल फ्री, हैल्प लाईन नम्बर और वैबसाईट सहित कम्यूनिकेशन के सभी तरीको का प्रावधान किया गया है। कोई भी व्यक्ति अपनी फोटो, विडियो व ऑडियो के साथ इस सुविधा की मदद से शिकायत कर सकता है। सही पाए जाने पर उस पर कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति भ्रष्टाचार के खिलाफ सबसे ज्यादा शिकायत करेगा और वह सहीं होंगी, तो ऐसे व्यक्ति को सार्वजनिक या अकेले में पुरस्कृत किया जाएगा।
उन्होंने समाज में रहने वाले लोगों से आहवान किया कि वह भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद रखें। इसके पश्चात मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पुलिस कॉम्पलैक्स में ही एक अन्य पार्क में स्थापित अशोक स्तंब का उद्घाटन किया। उदघाटन और अनावरण की सीरिज के अंत में मुख्यमंत्री ने मधुबन कॉम्पलैक्स स्थित न्याय वैधिक प्रयोगशाला भवन में बार कोडिंग सिस्टम की विधिवत शुरूआत की।