Rules Change From 1 April 2026: आज यानी 1 अप्रैल 2026 से नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत हो गई है। इसी के साथ हर साल की तरह इस बार भी आज से रेलवे, इनकम टैक्स और एटीएम ट्रांजैक्शन समेत आम आदमी की जेब से जुड़े कई नियमों बदल गए हैं। अप्रैल के पहले दिन बड़ा झटका ये लगा है कि ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने एलपीजी सिलेंडर की कीमतें बढ़ा दी हैं। वित्त वर्ष के पहले दिन न सिर्फ तारीख बदलती है, बल्कि कई महत्वपूर्ण बदलाव भी होते हैं। आइए जानते हैं, आज कौन-कौन से बदलाव हुए हैं।
Rules Change From 1 April 2026: जानें 1 अप्रैल से क्या-क्या बदला

1. रेलवे टिकट कैंसिलेशन
रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए कुछ नियम बदले हैं। नए नियम के तहत अब कंफर्म टिकट को ट्रेन छूटने से कम से कम 8 घंटे पहले कैंसिल करने पर ही रिफंड मिल सकेगा। आपको बता दें कि पहले यह समय सीमा 4 घंटे थी। ये नियम 1 अप्रैल से लागू हो जाएंगे। रेलवे का मानना है कि इस नियम से अंतिम समय की अफरा-तफरी कम होगी और खाली सीटें अन्य किसी जरूरतमंद यात्रियों को समय पर मिल सकेंगी।
2. मर्शियल LPG सिलेंडर महंगा
1 अप्रैल को ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने तगड़ा झटका दिया है। देश में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में बढ़ोतरी की गई है। 19 किलोग्राम वाला ये सिलेंडर अब दिल्ली में 1883 रुपये की जगह 2078.50 रुपये, कोलकाता में 1990 रुपये के बजाय 2208 रुपये, मुंबई में 1835 रुपये से बढ़कर 2031 रुपये हो गया है। हालांकि, घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 7 मार्च से स्थिर है।
3. हवाई सफर होगा महंगा
मिडिल ईस्ट जंग के बीच सबसे बड़ी मार ईंधन पर पड़ी है। पहली बार एयर टर्बाइन फ्यूल के भाव 2 लाख रुपये प्रति किलोलीटर के पार पहुंचे हैं। दिल्ली में ये 1 मार्च के 96,638.14 रुपये के उछलकर 207,341.22 रुपये प्रति किलोलीटर, कोलकाता 99,587.14 रुपये से 205,955.33 रुपये, मुंबई में 90,451.87 रुपये से 194,968.67 रुपये हो गई है। विमान ईंधन में हुई इस बढ़ोतरी से यात्रियों का हवाई सफर महंगा हो सकता है।
4. ATM से UPI अब फ्री ट्रांजैक्शन में शामिल

अब अगर आप बिना ATM कार्ड के एटीएम से यूपीआई (UPI) के जरिए पैसे निकालते हैं, तो सावधान हो जाएं। अब से बैंक इन ट्रांजैक्शन को भी आपके महीने के ‘फ्री एटीएम ट्रांजैक्शन’ की लिमिट में गिनेंगे। अगर आपकी महीने की फ्री लिमिट खत्म हो गई, तो यूपीआई से कैश निकालने पर भी आपको अतिरिक्त चार्ज देना होगा। यह नियम इसलिए लाया गया है ताकि डिजिटल कैश निकासी को नियंत्रित किया जा सके और बैंक के खर्च कम किए जा सकें।
5. नया इनकम टैक्स एक्ट लागू
1 अप्रैल से टैक्स को लेकर भी नियम बदल रहे हैं। अब तब लागू इनकम टैक्स एक्ट1961 की जगह New Income Tax Act 2025 लागू हो गया है। इस नए एक्ट का उद्देश्य टैक्स प्रक्रियाओं को सरल बनाना है। इस बदलाव से अब ‘असेसमेंट ईयर’ (AY) और ‘प्रीवियस ईयर’ (PY) जैसे उलझाऊ शब्दों का झंझट ख़त्म करके, सबको मिलाकर अब टैक्स ईयर का कॉन्सेप्ट लागू किया गया है। इससे करदाताओं के लिए भ्रम की स्थिति कम होगी।
6. PAN Card के बदले नियम
अब पैन कार्ड बनवाने के लिए सिर्फ आधार कार्ड से काम नहीं चलेगा। इसके लिए जन्म प्रमाण पत्र, 10वीं की मार्कशीट या पासपोर्ट में से कोई एक दस्तावेज देना होगा। इसके अलावा अगर आप सालाना 10 लाख रुपये कैश जमा, 5 लाख तक की वाहन खरीदारी, होटल या रेस्टोरेंट में 1 लाख से ज्यादा पेमेंट और 20 लाख तक की अचल संपत्ति खरीदते हैं, तो इसके लिए पैन कार्ड दिखाना जरुरी होगा।
7. FASTag हुआ महंगा
अगर आप हाईवे पर गाड़ी चलाते हैं, तो आपको झटका लगने वाला है। दरअसल, 1 अप्रैल 2026 से फास्टैग के लिए सालाना पास महंगा हुआ है। पास की कीमत ₹3,000 से बढ़ाकर ₹3,075 कर दी है। इसके अलावा अब टोल प्लाजा पर कैश से भुगतान की सुविधा भी खत्म कर दी गई है। अब से आपको फास्टटैग, यूपीआई या क्यूआर कोड के जरिए ही डिजिटल पेमेंट करना होगा। अगर आप कैश की जिद करते हैं, तो आपको भारी जुर्माना या दोगुनी फीस भरनी पड़ सकती है।























