नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली के सभी सरकारी और निजी अस्पतालों में चल रही हड़ताल मंगलवार सुबह छह बजे से समाप्त हो जाएगी। इसको लेकर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, दिल्ली मेडिकल एसोसिएशन और फोर्डा ने आदेश भी जारी कर दिया है। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में जूनियर डॉक्टर्स के साथ हुई हिंसक घटना के बाद राजधानी में शुक्रवार से रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल जारी है।
सोमवार को डॉक्टरों और सीएम ममता बनर्जी के बीच मुलाकात हुई। सीएम ने डॉक्टरों को सुरक्षा देने और सभी सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की सुरक्षा के लिए नोडल अधिकारियों को नियुक्त करने के पुलिस को निर्देश दिए। इसके बाद दिल्ली में रेजिडेंट डॉक्टरों ने हड़ताल समाप्त करने का फैसला किया है।
डॉक्टरों की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जा सकता। एम्स, राम मनोहर लोहिया, लोकनायक, जीबी बंत और जीटीबी समेत तमाम अस्पतालों के डॉक्टर कल से काम पर लौट जाएंगे।