दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने अपना वह आदेश वापस ले लिया है, जिसमें काउंसिल में काम करने वाले सभी मुस्लिम कर्मचारियों की सुविधा के लिए पूरे रमजान के दौरान तीन अप्रैल से लेकर दो मई तक हर रोज 4:30 बजे ही छुट्टी दिए जाने की घोषणा की गयी थी।
रमजान के दौरान रोजा रखने वाले कर्मचारियों के लिए पहले जारी आदेश में कहा गया था कि रमजान के महीने में रोजा रखने वाले सभी मुस्लिम कर्मचारी शाम साढ़े चार बजे कार्यालय से जा सकते हैं। लेकिन एनडीएमसी ने अब इस फैसले को वापस ले लिया।
दिल्ली जल बोर्ड देगा मुस्लिम कर्मचारियों को हर दिन 2 घंटे की छुट्टी, रमजान के मौके पर AAP का मुसलमान कार्ड
असिस्टेंट लेबर वेलफेयर ऑफिसर एनक शर्मा ने इस संबंध में एनडीएमसी के सभी संबंधित विभागों को आदेश जारी कर विभाग अध्यक्षों को सूचित कर दिया है। इससे पहले जारी हुए आदेश का विरोध एनडीएमसी के उपाध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने किया था।
आदेश वापस लिए जाने के बाद एनडीएमसी के उपाध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने कहा कि, यह आदेश इसलिए वापस होना चाहिए क्योंकि हम किसी एक धर्म के विरोध में नहीं है। रमजान एक पवित्र महीना है जिसका हम आदर करते हैं। बहुत सारे लोगों के लिए नवरात्र भी हैं, फिर अन्य धर्मों के लोगों के त्यौहार भी हैं। यह पिछले कई सालों से चल रहा था लेकिन बंद पहली बार हुआ है।
दरअसल, मंगलवार को एनडीएमसी ने एक आधिकारिक आदेश जारी कर कहा था कि, सक्षम प्राधिकारी की पूर्व स्वीकृति लेकर एनडीएमसी के रोजा रखने वाले सभी मुस्लिम कर्मचारियों को रमजान के महीने में शाम साढ़े चार बजे अपने कार्यालय छोड़ने की अनुमति है।