पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को मंगलवार को दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) से छुट्टी दे दी गई। एक सूत्र ने यह जानकारी दी। पूर्व पीएम को सीने में दर्द और सांस फूलने की शिकायत के बाद रविवार रात 8.45 बजे एम्स में भर्ती कराया गया था। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एम्स में डॉक्टर नीतीश नायक की निगरानी में थे और उन्हें गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में रखा गया था।
गौरतलब है कि उनका कोरोना वायरस टेस्ट भी किया गया था। उन्हें आईसीयू से एक निजी वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया था। उनका कोरोना टेस्ट निगेटिव आया था। मिली जानकारी के अनुसार मनमोहन सिंह को दवा के कारण रिएक्शन और बुखार होने कारण रविवार रात एम्स में भर्ती कराया गया था। 87 वर्षीय सिंह को एम्स के कार्डियो-थोरैसिक (हृदय और सीने से संबंधित) सेंटर में चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया था।
17 मई के बाद लॉकडाउन में ढील के लिए CM केजरीवाल ने दिल्लीवासियों से मांगे सुझाव, Toll Free No. जारी
पूर्व पीएम के करीबी सूत्रों के अनुसार हॉस्पिटल में मनमोहन सिंह की कई तरह की जांच की गई। मनमोहन सिंह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं और फिलहाल राजस्थान से राज्यसभा सदस्य हैं। वह 2004 से 2014 तक देश के प्रधानमंत्री रहे हैं। साल 2009 में उनकी एम्स में ही कोरोनरी बाईपास सर्जरी हुई थी। मनमोहन सिंह के अस्पताल में भर्ती होने की खबर मिलते ही कई नेताओं ने उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता जतायी और जल्द ठीक होने की कामना की।