नई दिल्ली, 7 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को दिल्ली सरकार के महत्वाकांक्षी 70 लाख पौधे लगाने के महाअभियान का शुभारंभ किया। राजधानी के 34 अलग-अलग स्थानों पर एक साथ शुरू हुए इस अभियान के तहत अमित शाह ने ‘सेंट्रल रिज क्षेत्र’ में एक पौधा लगाया। यह वही क्षेत्र है जहां राष्ट्रपति के बॉडीगार्ड का मुख्यालय स्थित है।
इस अवसर पर केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, लोकसभा सांसद मनोज तिवारी और योगेंद्र चंदोलिया, दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा तथा मनजिंदर सिंह सिरसा भी मौजूद रहे।
इसी अभियान के तहत दिल्ली के इंडिया गेट के पास स्थित चिल्ड्रन्स पार्क में मंत्री प्रवेश वर्मा ने भी पौधारोपण किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे देश से अपनी मां के नाम पर एक पेड़ लगाने की अपील की थी। उसी आह्वान को आगे बढ़ाते हुए दिल्ली सरकार और नई दिल्ली नगर परिषद (एनडीएमसी) मिलकर आज दिल्ली में 70 लाख पौधे लगाने का अभियान शुरू कर रहे हैं।
इस अभियान में एनडीएमसी की अहम भूमिका है। परिषद ने करीब 600 पेड़ और 50 हजार झाड़ियां लगाने का लक्ष्य तय किया है। एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने बताया कि इसके लिए 50 हजार से अधिक गड्ढे पहले ही तैयार किए जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत पीपल, नीम, जामुन, इमली, चंपा, अशोक, गुलमोहर और अमलतास जैसे देशी और पर्यावरण के अनुकूल पेड़ लगाए जाएंगे। इसके अलावा हैमेलिया, जस्टिसिया, कैना, लिली, मुराया समेत कई सजावटी और स्थानीय प्रजातियों की झाड़ियां भी लगाई जाएंगी, जिससे जैव विविधता बढ़ेगी और एनडीएमसी के हरित क्षेत्रों की सुंदरता भी निखरेगी।
कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि एनडीएमसी के सभी पार्षद, विभागाध्यक्ष, अधिकारी और कर्मचारी परिषद क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण करेंगे। उन्होंने कहा कि एनडीएमसी के लिए पौधारोपण सिर्फ एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा एक सतत जन आंदोलन है।
उन्होंने बताया कि ‘एक पेड़ मां के नाम – ऑन संडे’ अभियान के तहत एनडीएमसी लगातार 31 रविवार तक पौधारोपण अभियान सफलतापूर्वक चला चुकी है। इसके अलावा राष्ट्रीय पर्वों, विशेष अवसरों और अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान भी नियमित रूप से पौधे लगाए जाते हैं।
कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि इस अभियान में रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए), मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन (एमटीए), स्कूलों, विभिन्न संस्थानों और आम नागरिकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली है, जो इसे जनभागीदारी का एक बेहतरीन उदाहरण बनाती है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में एनडीएमसी 1,450 एकड़* हरित क्षेत्र का रखरखाव कर रही है। इसमें 6 प्रमुख पार्क, 122 कॉलोनी पार्क, 981 सीपीडब्ल्यूडी द्वारा विकसित पार्क, 52 स्कूलों के हरित क्षेत्र, 51 राउंडअबाउट, 14 मार्केट गार्डन और लगभग 15 हजार सड़क किनारे लगे पेड़ शामिल हैं।
–आईएएनएस
वीकेयू/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)





















