कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने रविवार को देश की जनता से एकजुट होकर लोकतंत्र की रक्षा के लिए आवाज उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आइए लोकतंत्र में एकजुट होकर लोकतंत्र की रक्षा के लिए आवाज उठाएं। राहुल ने इस पोस्ट को शेयर करते हुए ‘स्पीक अप फॉर डेमोक्रेसी’ हैशटैग का इस्तेमाल किया है और साथ में एक वीडियो भी सांझा किया है।
आइए #SpeakUpForDemocracy में एकजुट होकर लोकतंत्र की रक्षा के लिए आवाज़ उठायें। pic.twitter.com/7v1UiOGGZj
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) July 26, 2020
राहुल ने ट्वीट कर कहा कि आइए SpeakUpForDemocracy में एकजुट होकर लोकतंत्र की रक्षा के लिए आवाज उठायें।उन्होंने राजस्थान में चल रहे सियासी घमासान को लेकर सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया है कि “धनबल की बदौलत वहां कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने की कोशिश हो रही है।”
वहीं इससे पहले शुक्रवार को राहुल ने भाजपा पर राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार को गिराने का षड्यंत्र रचने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को कहा कि राज्यपाल कलराज मिश्र को विधानसभा का सत्र बुलाना चाहिए ताकि सच्चाई देश के सामने आ सके।
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘देश में संविधान और क़ानून का शासन है। सरकारें जनता के बहुमत से बनती व चलती हैं। राजस्थान सरकार गिराने का भाजपाई षड्यंत्र साफ़ है। ये राजस्थान के आठ करोड़ लोगों का अपमान है।’’ कांग्रेस नेता कहा, ‘‘राज्यपाल महोदय को विधानसभा सत्र बुलाना चाहिए ताकि सच्चाई देश के सामने आए।’’गौरतलब है कि विधानसभा सत्र की मांग को लेकर कांग्रेस और उसके समर्थक विधायकों ने राजभवन में धरना दिया, हालांकि राज्यपाल के आश्वासन के बाद यह धरना शुक्रवार की रात समाप्त हो गया।