Noida Violence Big Update: नोएडा में हाल ही में हुई हिंसा के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। शुरुआती जांच में कई अहम सुराग मिले हैं, जिनसे पता चलता है कि यह घटना अचानक नहीं हुई, बल्कि इसकी पहले से तैयारी की गई थी। पुलिस को कुछ व्हाट्सएप चैट और ऑडियो मैसेज भी मिले हैं, जो इस मामले को और गंभीर बना रहे हैं।जांच के दौरान पुलिस को कई ऐसे व्हाट्सएप ग्रुप मिले हैं, जो हिंसा से करीब तीन दिन पहले ही सक्रिय हो गए थे। इन ग्रुप्स में लोगों को इकट्ठा होने और विरोध प्रदर्शन को तेज करने के लिए उकसाया जा रहा था।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, एक ऑडियो मैसेज में एक व्यक्ति साफ तौर पर भीड़ को संबोधित करते हुए कह रहा है कि “कल पुलिस पर हमला करना है।” इससे साफ संकेत मिलता है कि कुछ लोग जानबूझकर माहौल बिगाड़ने की योजना बना रहे थे। इसके अलावा इंस्टाग्राम पर भी कुछ मैसेज सामने आए हैं, जिनमें लोगों से कहा गया था कि वे पुलिस की कार्रवाई का जवाब देने के लिए बड़ी मात्रा में मिर्च पाउडर लेकर आएं।
Noida Violence Big Update: नकाबपोश लोगों की भूमिका संदिग्ध
पुलिस को मिले सीसीटीवी फुटेज और वीडियो में कई लोग नकाब पहने हुए नजर आए हैं। ये लोग भीड़ में शामिल होकर तोड़फोड़ और आगजनी कर रहे थे। कुछ वीडियो में यह भी दिखा है कि ये नकाबपोश लोग सीसीटीवी कैमरों को लाठियों से तोड़ रहे थे, ताकि सबूत मिटाए जा सकें। इससे यह शक और गहरा हो गया है कि हिंसा में शामिल कुछ लोग पहचान छिपाने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस अब इन सभी की पहचान करने में जुटी है और जल्द ही सख्त कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
Noida Violence Reason: प्रदर्शन कैसे हुआ हिंसक?

बताया जा रहा है कि नोएडा में निजी कंपनियों के कर्मचारियों ने वेतन बढ़ाने और बेहतर कामकाजी हालात की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू किया था। कई दिनों तक शांतिपूर्ण धरना चलने के बाद अचानक स्थिति बिगड़ गई। सोमवार को प्रदर्शन उग्र हो गया और सेक्टर-60 और 62 के आसपास सड़कों पर भारी भीड़ जमा हो गई। इससे ट्रैफिक पूरी तरह प्रभावित हो गया और लोगों को लंबा जाम झेलना पड़ा। इसी दौरान कुछ जगहों पर वाहनों में आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आईं, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।
Government Decision on Wages Hike: सरकार का फैसला, फिर भी असंतोष
स्थिति को संभालने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने देर रात न्यूनतम मजदूरी दरों में बढ़ोतरी का ऐलान किया। नए आदेश 1 अप्रैल 2026 से लागू किए जाएंगे। इस बढ़ोतरी के तहत अलग-अलग श्रेणियों में मजदूरी में लगभग 3000 रुपये तक का इजाफा किया गया है। हालांकि, इसके बावजूद कई मजदूर इस फैसले से संतुष्ट नहीं हैं और उनकी मांगें अभी भी जारी हैं। पुलिस अब डिजिटल सबूतों, सीसीटीवी फुटेज और सोशल मीडिया डेटा के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है।
अधिकारियों का कहना है कि दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। यह मामला अब सिर्फ एक विरोध प्रदर्शन नहीं, बल्कि संगठित साजिश की दिशा में भी जांच का विषय बन गया है। आने वाले दिनों में और खुलासे होने की संभावना है।






















