UP Road Accident : बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। बता दें, ये सभी लोग एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि इस हादसे में 3 की मौत हो गई।
बता दें, हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और क्षेत्राधिकारी मौके पर घटनास्थल पहुंचे तथा मुआयना किया। पुलिस ने हादसे से मारे गए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
UP Road Accident : क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार, हुसैनगंज थाना क्षेत्र के पतारा गांव निवासी श्याम सिंह अपने 30 साल के भतीजे अरविंद सिंह, कमलेश सिंह और दुर्गेश सिंह (25) के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर कल्लनपुर गांव में आयोजित एक पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि जैसे ही उनकी बाइक सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के ऐरायां मसायक गांव के पास स्थित एक ईंट भट्ठे के सामने पहुंची, तभी सामने से आ रही दूसरी बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर सवार युवक की पहचान गौती गांव निवासी मोतीलाल पासवान के रूप में हुई है।
Fatehpur Road Accident : राहगीरों ने दी पुलिस को सूचना

दोनों बाइक की टक्कर इतनी भीषण थी कि सभी सवार सड़क पर गिर पड़े। आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हथगाम पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दुर्गेश, कमलेश और अरविंद को मृत घोषित कर दिया। यह खबर सुनते ही अस्पताल में मौजूद परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।
Sultanpur Ghosh Thana : घायलों का हो रहा इलाज
वहीं, गंभीर रूप से घायल मोतीलाल और श्याम सिंह को जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। एक साथ तीन युवकों की मौत से जहां शादी की खुशियां मातम में बदल गईं, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
डीएसपी खागा दुर्गेशदीप ने बताया कि दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में यह हादसा हुआ है। तीन लोगों की मौत हुई है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
क्या कहा पुलिस ने

पुलिस के अनुसार हादसा देर शाम हुआ और अंधेरा होने के कारण प्रत्यक्षदर्शियों से स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है. प्रारंभिक जांच में दोनों मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर की पुष्टि हो रही है, हालांकि दुर्घटना के सही कारणों की जांच जारी है. इस दुखद हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है. जिस घर में शादी की तैयारी थी, वहां अब शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है. ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाने की मांग की है, ताकि ऐसे हादसे और न हों.
यह भी पढ़ें – दवाब या कुछ और? Galgotias University के B.Tech छात्र ने लगाई फांसी, हरियाणा का था निवासी




















