विकासनगर : कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत एक युवक के अपहरण और हत्या की आशंका के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस मामले में सैकड़ों लोगों का हुजूम विकासनगर बाजार में उमड़ पड़ा। आक्रोशित लोगों ने विकासनगर बाजार को बंद करा दिया। डाकपत्थर तिराहे और बाबूगढ़ चौक पर धरना देकर बैठे लोगों ने विकासनगर बाजार में चक्का जाम कर दिया।
जिससे वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप हो गयी। बाजार में सुबह दस बजे से करीब चार बजे तक आवाजाही प्रभावित रही। पूरे विकासनगर बाजार में स्थिति तनावपूर्ण हो गयी है। लोगों के आक्रोश को देखते हुए विकासनगर बाजार में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। कई बार पुलिस और भीड़ के बीच तीखी नोकझोंक हुई।
आक्रोशित भीड़ का हुजूम आरोपियों के गांव नवाबगढ़ जाने पर आमादा हो गया। जिसके चलते स्थिति और अधिक तनावपूर्ण हो गयी। पुलिस को लाठियां भांजकर भीड़ को पीछे करना पड़ा। इस बीच कई लोगों ने पुलिस पर पथराव करने लगे। काफी समझाने के बाद भी जब लोग नहीं माने इस बीच पथराव में सीओ की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गयी।
भीड़ में कोई सीओ का मोबाइल भी लूटकर ले गया। जिसके बाद पुलिस ने लाठचार्ज किया। पुलिस के लाठीचार्ज करने के बाद भीड़ तितर वितर हुई। जिसमें कई लोगों को चोटें आयी हैं। भीड़ को भगाने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। एसडीएम विकासगनर से लेकर एसपी देहात सभी मौके पर पहुंचे हैं।
सीओ विकासनगर ने लाउडस्पीकर पर एलांउस कर लोगों को पथराव न करने को कहा, लेकिन भीड़ नहीं मानी। इस बीच लोगों ने पुलिस पर जबरदस्त पथराव शुरू किया। जिसके चलते कई पुलिस कर्मियों को पत्थर लगने के साथ ही सीओ की गाड़ी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गयी। भीड़ में इस दौरान कोई सीओ का मोबाइल भी छीनकर भाग गया।