प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर बुधवार को खेल प्रेमियों को बधाई दी। पीएम मोदी खिलाड़ियों की तारीफ करते हुए कहा कि भारतीय खेलों के लिये यह साल अच्छा रहा है और खिलाड़ियों ने एशियाई खेल और राष्ट्रमंडल खेल समेत विभिन्न टूर्नामेंटों में अच्छा प्रदर्शन किया है।
उन्होंने लोगों से खेलों और फिटनेस संबंधी गतिविधियों को प्राथमिकता देने को कहा और यह भी कहा कि इससे स्वस्थ भारत बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने ट्वीट किया,”मैं उन सभी को सलाम करता हूं जिन्होंने विभिन्न खेलों में भारत की नुमाइंदगी की है। उनकी मेहनत और प्रतिबद्धता से कई उपलब्धियां मिली है। खेलों के लिये यह साल बहुत अच्छा रहा है जिसमें एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों का प्रदर्शन शामिल है।”
उन्होंने महान हाकी खिलाड़ी ध्यानचंद को श्रृद्धांजलि दी जिनका जन्मदिन राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है। उल्लेखनीय है कि हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जन्मदिन 29 अगस्त को हर साल राष्ट्रीय खेल दिवस के तौर पर मनाया जाता है।