नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ जामिया में हो रहा प्रदर्शन आज भी जारी रहेगा। प्रदर्शन का समर्थन नेता और सामाजिक कार्यकर्ता भी करते नजर आए। विपक्षी पार्टियां भी इस कानून का विरोध कर रही हैं। कानून के विरोध में दिल्ली के जामिया नगर क्षेत्र में जो हिंसा हुई और पुलिस की कार्रवाई हुई, उसके विरोध में देश की कई यूनिवर्सिटी प्रदर्शन कर रही हैं। जामिया हिंसा में दो छात्र घायल हो गए हैं, जिसे पुलिस बता रही है कि गोली लगने से ऐसा हुआ है।
हालांकि, पुलिस ने साफ तौर पर गोली चलने से इनकार कर दिया है। सफदरजंग अस्पताल के डॉक्टर ने कहा कि मरीज के परीक्षण से पता चलता है कि वह गोली लगने से घायल हुआ है, देश में कुल 22 बड़े कैंपस हैं, जहां पर विरोध प्रदर्शन जारी है। सुप्रीम कोर्ट में आज जामिया हिंसा पर सुनवाई होनी है। सोमवार को वरिष्ठ वकीलों ने सर्वोच्च अदालत में याचिका दायर की थी, जिसमें पुलिस पर जामिया छात्रों पर गलत कार्रवाई का आरोप लगाया गया था। अब इस मामले में सुनवाई होनी है।
अरुणाचल प्रदेश में नहीं लागू हो पाएगा नागरिकता संशोधन कानून : CM पेमा खांडू
केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल ने छात्रों से अपील की है कि वे किसी तरह के प्रदर्शन में शामिल ना हो। पुलिस का दावा है कि वीडियो फुटेज में ये लोग पत्थरबाजी करते और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाते दिखे हैं। साथ ही कुछ जगहों पर आगजनी भी की है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक इन सभी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। जल्द ही इस मामले में कुछ नई गिरफ्तारियां भी होंगी। केरल के वायनाड में नागरिकता संशोधन एक्ट के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शनकारियों ने राज्य की सरकारी बस पर पत्थरबाजी की। इस मामले में चार लोगों को हिरासत में ले लिया गया है।
प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में कांग्रेस ने इंडिया गेट पर कल शाम चार बजे से शाम छह बजे तक मूक प्रदर्शन भी किया।प्रियंका ने कहा, ”छात्रों पर हमला भारत की आत्मा पर वार है। वहीं उनकी मां और पार्टी प्रमुख सोनिया गांधी ने एक बयान जारी कर भाजपा पर देश में अस्थिरता पैदा करने का आरोप लगाया। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने एक बयान में आरोप लगाया, ”भाजपा हिंसा और बंटवारे की जननी है।