उत्तर पश्चिमी दिल्ली के शकूरपुर इलाके से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 22 वर्षीय महिला अपने दो बच्चों की जान लेने के बाद खुद फांसी से झूल गई। देर रात में जब महिला का पति नौकरी से वापस लौटा तो खिड़की से तीनों को लटकते हुए पाया। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस के अनुसार घटना उत्तर पश्चिमी दिल्ली के शकरपुर इलाके में गुरुवार को हुई और उसे इसकी जानकारी रात करीब 10 बजकर 40 मिनट पर मिली। पुलिस ने बताया कि घटना के समय महिला का पति काम पर गया हुआ था। घर लौटने पर उसने तीनों के शव लटकते पाए।
पुलिस के अनुसार पड़ोसियों की मदद से उसने उस कमरे का दरवाजा तोड़ा, जिसमें तीनों के शव लटके हुए थे। उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। डिप्टी कमिश्नर (उत्तर-पश्चिम) उषा रंगनानी ने बताया कि 4 मार्च की रात करीब साढ़े 10 बजे सुभाष पुलिस स्टेशन में एक PCR कॉल के जरिए बताया गया कि दिल्ली के शकरपुर इलाके की रहने वाली एक 22 वर्षीय महिला ने फांसी लगाकर खुदखुशी कर ली है। उसके साथ उसके दो बच्चे- चार साल के बेटे और बेटी भी घर के अंदर मृत पाए गए हैं।
दम्पति की हुई थी बहस
प्राथमिक जांच में पता चला है कि महिला की बिहार के मधुबनी में पैतृक गांव जाने को लेकर अपने पति के साथ गुरुवार सुबह बहस हुई थी। पुलिस का मानना है कि इस बात से आहत होकर महिला ने आत्महत्या की होगी। दम्पत्ति की पांच साल पहले शादी हुई थी।