नयी दिल्ली : कांग्रेस ने चारा घोटाले से संबंधित एक अन्य मामले में आज अदालत द्वारा राजद प्रमुख लालू प्रसाद को दोषी ठहराये जाने के बाद कहा कि कांग्रेस का व्यक्ति के साथ नहीं पार्टी के साथ समझौता है और इसमें कोई बदलाव नहीं हुआ है। रांची में सीबीआई की विशेष अदालत ने चाईबासा कोषागार से जुड़े मामले में राजद प्रमुख लालू प्रसाद और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्र को आज पांच-पांच वर्ष की सश्रम कारावास की सजा सुनायी।
यह पूछे जाने पर इस अदालती फैसले से राजद के साथ कांग्रेस के गठबंधन पर क्या कोई असर पड़ेगा, कांग्रेस के प्रवक्ता आरपीएन सिंह ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ कांग्रेस का समझौता व्यक्तियों से नहीं होता है, पार्टियों से होता है।’’ उन्होंने कहा हमारा बिहार में जो समझौता है, वो राष्ट्रीय जनता दल से है, ना की किसी व्यक्ति से है। उन्होंने कहा वहां राष्ट्रीय जनता दल की विचारधारा के साथ कांग्रेस पार्टी ने समझौता किया था।
उन्होंने कहा, ‘‘कल भी हमारा समझौता राजद से था और आज भी है।’’ उन्होंने कहा कि जहाँ तक मुकदमों की बात है, ‘‘ लालू प्रसाद के बारे में मैं बड़े स्पष्ट तौर से कहना चाहता हूं कि अदालत के फैसलों पर हम कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते। परंतु लालू और उनके वकील सक्षम हैं उच्च न्यायालय में उस फैसले को चुनौती देने में। ’’
हमारी मुख्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें।