2 दिन से अधिक समय तक लगातार हो रही बारिश के बाद सोमवार को दिल्ली-एनसीआर वासियों की सुबह कोहरा के साथ हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 17 और 9 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान लगाया है। सफदरजंग वेधशाला ने जहां न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री दर्ज किया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक था, वहीं पालम और लोधी गार्डन दोनों में 9.4 डिग्री दर्ज किया गया।
दिल्ली में बरपा बारिश का कहर
सुबह 8.30 बजे सापेक्षिक आद्र्रता 95 प्रतिशत दर्ज की गई। इस बीच, दिल्ली में पिछले 24 घंटों में कुल 15 मिमी बारिश हुई। राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार रात से लगातार हो रही बारिश ने जनवरी में सबसे अधिक बारिश होने का रिकॉर्ड तोड़ दिया। आईएमडी ने पहले ही भविष्यवाणी कर दी थी, यह पश्चिमी विक्षोभ था जिसने न केवल दिल्ली-एनसीआर में बल्कि पूरे उत्तर-पश्चिम भारत में भारी मात्रा में वर्षा की।
कोहरे के साथ आसमान रहेगा साफ
अपनी साप्ताहिक भविष्यवाणी के अनुसार, दिल्ली में कोहरे के साथ आसमान साफ रहेगा। इस पूरे सप्ताह अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 20 और 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। दिल्ली में शनिवार को बीते 22 वर्षों में जनवरी के महीने में एक दिन में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई थी, जिससे शहर की वायु गुणवत्ता दो महीने में सबसे अच्छी रही, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से आठ डिग्री अधिक 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।