नई दिल्ली : कालेधन और बेनामी संपत्ति पर लगाम के लिए सरकार तमाम कोशिशें कर रही है। इसके लिए वह जल्द ही एक और बड़ी घोषणा कर सकती है। बेनामी संपत्ति की जांच कर रही है जांच एजेंसियों को जानकारी मुहैया कराने वाले शख्स को 1 करोड़ रुपये का इनाम दिया जाएगा। जी हां सरकार बेनामी संपत्ति की जानकारी देने वालों को करोड़पति बनाने की तैयारी कर रही है। बेनामी संपत्ति के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की तैयारी कर चुकी केंद्र सरकार अगले महीने बड़ा घोषणा कर सकती है।
#Benami property secret informers to get reward of 1 Crore
Read @ANI Story | https://t.co/qpweYqITCF pic.twitter.com/vAq2y5Q854
— ANI Digital (@ani_digital) September 22, 2017
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सेंट्रल बोर्ड ऑफ डायरेक्ट टैक्स के एक अधिकारी ने बताया है कि सूचना देने वाले शख्स को कम से कम 15 लाख और अधिकतम 1 करोड़ रुपए का इनाम दिया जाएगा। इसके साथ ही उस शख्स की पहचान भी गुप्त रखी जाएगी ताकि उसकी सुरक्षा को लेकर कोई खतरा न हो।
बेनामी संपत्ति कानून को पिछले साल ही संसद में पारित किया गया था। हालांकि इसमें किसी को इनाम देने का प्रावधान नहीं रखा गया है। बेनामी संपत्ति रखने वालों का पता लगाना आयकर और प्रवर्तन निदेशालय के लिए हमेशा से ही टेढ़ी खीर रहा है। सीबीडीटी से जुड़े अधिकारी का मानना है कि गुप्त सूचनाओं के आधार पर बेनामी संपत्तिधारियों को पकड़ना काफी आसान हो जाएगा और इससे पूरे देश में अभियान चलाया जा सकेगा।
अधिकारी के अनुसार आईटी विभाग, ईडी, और डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस हमेशा से ही सूचना देने वाले लोगों को इनाम देता रहा है। हालांकि इस इनाम की रकम बहुत बड़ी नहीं होती थी। अगर रकम इतनी बड़ी होगी तो बेनामी संपत्ति के बारे में जानकारी मिलने में आसानी भी होगी और ऐसे मामलों में तेजी भी आएगी। यह योजना फिलहाल, वित्त मंत्रालय के पास है। वित्त मंत्रालय और वित्त मंत्री की सहमति के बाद इसे सीबीडीटी द्वारा लागू किया जाएगा। अक्टूबर या नंवबर में इसकी घोषणा हो सकती है।