अब नहीं होगी तेल और LPG गैस की दिक्कत! पूरी तरह खुला Strait of Hormuz, ईरान ने कहा…

Iran Opens Hormuz Strait

Iran Opens Hormuz Strait: मिडिल ईस्ट के बेहद महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने घोषणा की है कि यह रास्ता अब पूरी तरह से खोल दिया गया है। उन्होंने कहा कि अब सभी वाणिज्यिक जहाज बिना किसी बाधा के इस मार्ग से गुजर सकते हैं। यह फैसला लेबनान में लागू हुए अस्थायी युद्धविराम (सीजफायर) के बाद लिया गया है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ईरान ने 6 मार्च को इस अहम समुद्री मार्ग को बंद कर दिया था। यह कदम अमेरिका की सैन्य कार्रवाई के जवाब में उठाया गया था। होर्मुज जलडमरूमध्य के बंद होने से वैश्विक तेल आपूर्ति पर असर पड़ने की आशंका बढ़ गई थी। अब सीजफायर के बाद स्थिति में सुधार देखते हुए ईरान ने इसे खोलने का निर्णय लिया है।

Iran Opens Hormuz Strait: ट्रंप की प्रतिक्रिया

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस फैसले पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि जलडमरूमध्य खुल चुका है, लेकिन ईरान के खिलाफ नौसैनिक निगरानी जारी रहेगी। उनका कहना है कि यह निगरानी तब तक बनी रहेगी जब तक दोनों देशों के बीच सभी मुद्दों का समाधान नहीं हो जाता। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि बातचीत पहले से काफी आगे बढ़ चुकी है और जल्द ही नतीजा सामने आ सकता है।

सीजफायर के दौरान जहाजों को छूट

ईरान ने साफ किया है कि जब तक अस्थायी सीजफायर लागू है, तब तक सभी जहाज इस मार्ग से आसानी से गुजर सकेंगे। जहाजों को ईरान के बंदरगाह और समुद्री संगठन द्वारा तय किए गए सुरक्षित मार्ग का पालन करना होगा, ताकि किसी तरह की समस्या न हो।

ईरान ने क्यों खोला होर्मुज?

इस फैसले के पीछे कई अहम कारण बताए जा रहे हैं:

1. अमेरिका से बातचीत का असर

अमेरिका ने पहले ही संकेत दे दिया था कि अगर ईरान नाकाबंदी हटाता है, तो बातचीत आगे बढ़ेगी। इसी दिशा में ईरान ने यह कदम उठाया।

2. सीजफायर को बनाए रखने का दबाव

सीजफायर को जारी रखने के लिए ईरान पर अंतरराष्ट्रीय दबाव था। अमेरिका ने साफ कहा था कि जब तक होर्मुज नहीं खुलेगा, तब तक शांति वार्ता आगे नहीं बढ़ेगी।

3. वैश्विक दबाव और कूटनीति

पेरिस में लगभग 40 देशों की एक अहम बैठक प्रस्तावित थी, जिसमें फ्रांस और ब्रिटेन जैसे बड़े देश शामिल होने वाले थे। इतने देशों के दबाव के बीच ईरान के लिए स्थिति संभालना मुश्किल हो सकता था।

4. ओमान का रुख

ओमान ने इस मार्ग पर टोल लगाने के प्रस्ताव को खारिज कर दिया था। उनका कहना था कि प्राकृतिक समुद्री रास्ते पर शुल्क लगाना सही नहीं है। इससे भी ईरान पर दबाव बढ़ा।

दुनिया के लिए क्यों अहम है होर्मुज?

होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक है। यह फारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी को जोड़ता है। दुनिया की करीब 20 प्रतिशत तेल आपूर्ति इसी रास्ते से गुजरती है। कतर, सऊदी अरब, यूएई, इराक और बहरीन जैसे देश अपने तेल निर्यात के लिए इसी मार्ग पर निर्भर हैं। लगभग 34 किलोमीटर चौड़ा यह रास्ता वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए बेहद अहम है। ऐसे में इसका खुलना पूरी दुनिया के लिए राहत भरी खबर मानी जा रही है।

यह भी पढ़ें: परिसीमन: भारत ने आंतरिक मामलों में दखल देने की पाकिस्तान की कोशिशों को किया खारिज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Make Punjab Kesari Your Trusted News Source

Related Posts

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।