उत्तर प्रदेश के जौनपुर में पूर्व सांसद धनंजय सिंह के पूर्व गनर अनीश खान की हत्या के आरोप में एक पड़ोसी और उसके दो दोस्तों पर केस दर्ज किया गया है। अनीश खान की मंगलवार शाम हत्या कर दी गई थी। वह धनंजय सिंह का समर्थक था। पुलिस ने बताया कि अनीश खान का मंगलवार को अपने पड़ोसी पांडू के साथ विवाद हुआ था। खान शाम को जब रीठी बाजार से कुछ सामान खरीदने गया था, तभी उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला कि उस पर धारदार हथियार से भी कई वार किए गए थे।
- पूर्व सांसद धनंजय सिंह के पूर्व गनर हत्या मामले में 3 पर केस दर्ज किया गया
- अनीश खान की मंगलवार शाम हत्या कर दी गई थी
आरोपियों की हुई पहचान
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि अनिकेत और प्रिंस के रूप में पहचाने गए आरोपियों को अनीश खान की हत्या के संबंध में पांडु के साथ एफआईआर में नामित किया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि पांडु ने खान पर गोलियां चलाईं, जबकि दो अन्य ने उस पर कई बार चाकू से वार किया। घटना के बाद से तीनों फरार हैं। पुलिस की टीमें तीनों आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही हैं।
तीनों के खिलाफ FIR दर्ज
सिकरारा थाने के इंस्पेक्टर युजवेंद्र कुमार सिंह ने गुरुवार को बताया कि पांडु और अनीश खान पहले एक साथ काम करते थे। दोनों का नाम एक मामले में भी आया था, लेकिन अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि उनके बीच मतभेद किस वजह से हुआ। मृतक की पत्नी रेशमा बानो की शिकायत पर तीनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आगे की जांच की जा रही है। चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था की किसी भी समस्या से बचने के लिए इलाके में पुलिस की तैनाती जारी रही। घटना बनसफा गांव में धनंजय सिंह के घर से करीब 2 किमी दूर हुई।


Download Android App
Download iOS App





