राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर पंजाब (Punjab) में राम भक्तों का उत्साह चरम पर है। बता दें सभी 22 जिलों में भगवान राम के आगमन की खास तैयारी पूरी हो चुकी हैं। हजारों जगहों पर अयोध्या के लाइव कार्यक्रम का प्रसारण किया जाएगा। घर-घर व दुकानों पर भगवान श्रीराम के ध्वज फहराए गए हैं।
- पंजाब में उमड़ी राम नाम की लहर
- हजारों मंदिरों में जलेंगे लाखों दीप
- सीमा पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
- 22 जिलों में भगवान राम के आगमन की खास तैयारी पूरी
21 हजार भव्य दीपों से दीपमाला जलाई जाएगी
आपको बता दें जालंधर के मशहूर शक्तिपीठ श्रीदेवी तालाब मंदिर को पूरी तरह से रंग-बिरंगे फूलों, लाइटों की रोशनियों से सजाया गया है। यहां एक लाख 21 हजार भव्य दीपों से दीपमाला जलाई जाएगी। शाम को प्रसिद्ध गायक श्रीराम भजनों पर झूमने को विवश करेंगे।
120 LED लगाकर प्रतिमा प्राण प्रतिष्ठा समारोह लाइव दिखाया जाएगा
राजपुरा में 1500 तो पटियाला में 400 से ज्यादा स्थानों पर धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। पठानकोट में 120 एलईडी लगाकर प्रतिमा प्राण प्रतिष्ठा समारोह लाइव दिखाया जाएगा। मुक्तसर में पिछले एक माह से खास स्टेज और क्रॉफ्ट तैयार किए गए हैं। यहां भगवान श्रीराम और माता सीता सीधे पुष्पक विमान से स्टेज पर उतरेंगे। इसके लिए क्रेन का सहारा लिया जाएगा। उधर, सुरक्षा के भी पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। बीएसएफ ने रामलला प्राण प्रतिष्ठा समारोह और गणतंत्र दिवस के चलते पंजाब से सटी भारत-पाकिस्तान की 553 किलोमीटर लंबी सीमा पर चौकसी बढ़ा दी है।
देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘PUNJAB KESARI’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं।